खबर शहर , Aligarh News: गला घोंटकर की पत्नी की हत्या, पुलिस कंट्रोल रूम में पति ने कॉल कर कहा- मार दिया – INA

अलीगढ़ में थाना रोरावर क्षेत्र के आसिफ बाग में 18 अक्टूबर देर रात पति ने दुपट्टे से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर कहा कि मैंने पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
हाथरस के नगला भीका निवासी राबिया (45) का निकाह करीब 16 साल पहले आसिफ बाग निवासी इरफान के साथ हुआ था। पति कबाड़ का काम करता है। परिजनों के अनुसार राबिया के नाम पर 50-50 वर्ग गज के दो प्लाॅट थे। इरफान प्लाॅट बेचने का दबाव बना रहा था। इसी बात पर शुक्रवार रात दंपती के बीच विवाद चल रहा था।
आरोप है कि रात में इरफान ने तीनों बच्चों को पड़ोस में ही रहने वाले अपने भाई के घर सोने भेज दिया। रात में फिर प्लाॅट को लेकर दंपती के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर इरफान ने दुपट्टे से राबिया का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद 112 पर कॉल कर पुलिस को बताया कि मैंने पत्नी को मार दिया है। महिला की हत्या की बात सुनकर थाना पुलिस के होश उड़ गए। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने आरोपी इरफान को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी को थाने ले आई।
सूचना पर हाथरस से पहुंचे मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि राबिया की हत्या में तीन लोग शामिल थे। पुलिस ने तहरीर बदलवाकर पति को ही आरोपी बनाया है। भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी इरफान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोग शव को हाथरस लेकर चले गए।
प्लॅाट को लेकर दंपती के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद में पति ने गला घोंटकर हत्या कर दी। मायके पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।– मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी