खबर शहर , तीन दोस्तों की मौत: मंदिर में दीये जलाने गए थे तीनों, पेड़ से टकराई बाइक, रातभर सड़क किनारे पड़े रहे शव – INA

पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र में दिवाली की शाम दर्दनाक हुआ। गुरुवार शाम घर में दिवाली पूजन के बाद गांव के बाहर स्थित मंदिर पर दीये जलाने जा रहे गांव शहादतगंज पिपरई निवासी बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। 

न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव शहादतगंज पिपरई निवासी प्रदीप कुमार (22) पुत्र पंचन लाल, शिवकुमार (23) पुत्र हरिराम व गिरीश कुमार (35) पुत्र मूलचंद ने गुरुवार शाम घर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद तीनों दोस्त बाइक पर सवार होकर गांव से कुछ दूर स्थित दोवहा आश्रम में दीये जलाने के लिए चल दिए। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर घायल होकर गिर गए। मार्ग पर आवाजाही न होने के चलते किसी को हादसे का पता नहीं चला। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। 

Budaun Road Accident: हादसे में खत्म हो गया पूरा परिवार, बरेली के दंपती और उनके बच्चों समेत छह की मौत

सुबह हुई घटना की जानकारी 

शुक्रवार सुबह टहलने निकलने ग्रामीणों की नजर पड़ी तो सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। जांच के बाद परिजनों को सूचना दी गई। हादसे का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होने से हादसा होने की बात कही जा रही है।


सुनसान मार्ग पर रातभर पड़े रहे तीनों शव
घर से हंसी खुशी मंदिर के लिए निकले बाइक सवार तीन दोस्तों की हादसे में मौत के बाद उनके शव पूरी रात मार्ग के किनारे ही पड़े रहे। परिजनों का कहना है कि रात में सभी लोग पर्व की खुशियां मना रहे थे। पूजा-अर्चना के बाद लोग देर रात तक पटाखे छोड़ने में जुटे रहे। गांव में भी यही माहौल था। देर रात तक तीनों जब घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हुए। 

आसपास लोगों से जानकारी करने के बाद तलाश शुरू की गई, लेकिन तीनों का कोई सुराग नहीं लग सका। सुबह तीनों के शव मार्ग के किनारे पड़े होने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि महोफ मार्ग पर वन्यजीवों के खतरे के चलते लोग रात में कम आवाजाही करते हैं। इसके अलावा यह सड़क जंगल के लिए जाती है। इस वजह से अक्सर सन्नाटा ही रहता है। 


प्रदीप की नौ माह और शिव कुमार की एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी
प्रदीप कुमार की नौ माह पूर्व ही शादी हुई थी। हादसे के बाद पत्नी पिंकी का रो रोकर बुरा हाल था। जबकि शिव कुमार की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी किरन के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। वहीं गिरीश कुमार की करीब आठ साल पूर्व शादी हुई थी। उसके परिवार में पत्नी रेखा देवी के अलावा सात वर्षीय पुत्र मोहित, पांच वर्षीय पुत्री मोहनी है। गिरीश की मौत से परिवार के पालन-पोषण का सवाल खड़ा हो गया है। तीनों दोस्त मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे।

[ad_2]
Credit By Amar Ujala

Back to top button