खबर शहर , यूपी: आगरा यूनिवर्सिटी में तीन घंटे धरना, हेल्प डेस्क प्रभारी पर वसूली के आरोप; जांच समिति गठित – INA

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में हेल्प डेस्क प्रभारी विशाल दीप को हटाने की मांग करते हुए छात्र नेताओं ने बुधवार को खंदारी स्थित कुलपति कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक चले धरने के बाद कुलपति प्रो. आशु रानी को ज्ञापन सौंपा गया। कुलपति ने प्रकरण की जांच के लिए समिति गठित कर दी है।
विश्वविद्यालय छात्र संघर्ष समिति की ओर से आरोप लगाया गया है कि विशाल दीप को नियमों के विपरीत हेल्प डेस्क का प्रभारी बनाया गया है। डिग्री, मार्कशीट से जुड़े कार्यों में परेशानी, छात्रों को बार-बार विश्वविद्यालय बुलाने और साइबर कैफे भेजकर पैसे वसूलने जैसे आरोप भी लगाए गए। विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. गौरव शर्मा और सपा छात्र सभा के नेता निर्वेश शर्मा ने कुलपति को ज्ञापन सौंपा।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि कुलपति के आदेश पर हेल्प डेस्क प्रभारी के विरुद्ध छात्र नेताओं की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति में प्रो. बिंदु शेखर शर्मा, प्रो. मनु प्रताप सिंह और प्रो. रनवीर सिंह है।