खबर शहर , Aligarh News: अतरौली में डीएपी के लिए मारामारी, केंद्रों पर लगी तड़के चार बजे से किसानों की लाइन – INA

अतरौली के केंद्रों पर डीएपी की खेप आते ही तड़के चार बजे से ही किसानों की लाइन लग गई। क्षेत्रीय सहकारी समिति दक्षिणी अतरौली और उत्तरी पर 720 बोरी डीएपी प्राप्त हुई, जो किसानों के लिए नाकाफी साबित हुई। किसानों की संख्या इससे कहीं अधिक थी। किसानों ने हंगामा किया।
अतरौली में क्षेत्रीय सहकारी समिति पर डीएपी वितरण की व्यवस्था इतनी ढ़ीली थी कि सुबह 10 बजे से वितरण शुरू हुआ। दोपहर 12.45 बजे तक महज 19 किसानों को डीएपी दी जा सकी। इस पर किसानों ने हंगामा खड़ा कर दिया। एसडीएम साहिल कुमार और नायब तहसीलदार मयंक गोयल राजस्व व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को टोकन वितरण कराए।
प्रति किसान महज एक बोरी मिल सकी। आधे से अधिक किसान बिना डीएपी लिए ही लौट गए। किसानों ने इस पर आक्रोश व्यक्त किया। एसडीएम साहिल कुमार ने बताया कि पॉस मशीन में तकनीकी खराबी के कारण कुछ देर से वितरण प्रभावित हुआ था, बाद में वितरण व्यवस्था दुरुस्त कराकर सभी किसानों को नियमानुसार डीएपी दी गई।