खबर शहर , Budaun News: छुट्टा पशुओं से फसल बचाने को खेत में तार लगाकर छोड़ा करंट, चपेट में आकर किसान की मौत – INA

बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र में खेत के चारों तरफ लगे तार में आ रहे करंट की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। इसी तार की चपेट में आने से एक गोवंशीय पशु भी मर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसान के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। किसान की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना क्षेत्र के गांव तिगोड़ा निवासी राजेंद्र सिंह (42) मंगलवार रात खेत पर फसल की सिंचाई कर रहे थे। पास के खेत में छुट्टा पशुओं से फसल बचाने को चारों तरफ तार लगा रखा था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में पहले पशु आया। उसे हटाने पहुंचे किसान राजेंद्र भी करंट की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। देखा तो राजेंद्र मृत पड़े थे। पास में गोवंश पड़ा था। उनके परिजनों को सूचना दी गई। परिजन रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं मृत गोवंश को गड्ढा खोदकर दफनाया गया।