खबर शहर , Hamirpur: मदारी का खेल देखने का दबाव बना अनुसूचित जाति के छात्रों से की मारपीट, अध्यापक पर SC-ST का मुकदमा – INA

हमीरपुर जिले में बिवांर क्षेत्र के निवादा गांव स्थित भष्मानंद इंटर काॅलेज के शिक्षक के खिलाफ थाने में मारपीट व एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है। शिक्षक पर मदारी का खेल देखने का दबाव बनाने के लिए अनुसूचित जाति के छात्रों की पिटाई व अभद्रता करने का आरोप है। पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत के बाद एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया।

ललपुरा थाना व गांव निवासी राजन बाल्मीकि ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका बेटा शनि निवादा गांव स्थित भष्मानंद इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र है। वह एक अक्तूबर को कॉलेज पढ़ने गया। करीब एक बजे शिक्षकाें की सहमति से कॉलेज परिसर में मदारी खेल दिखाने आया। इस पर घंटी बजाकर सभी छात्रों को खेल देखने को कहा गया। कुछ छात्रों को यह पसंद नहीं आया। बताया कि कलौलीजार गांव निवासी अरमान बाल्मीकि वहां से उठकर क्लास में जाने लगा।


जिसे कॉलेज के शिक्षक गोविंद तिवारी ने डंडे से पीटा और वहीं बैठा दिया। बाद में शनि भी क्लास में जाने लगा। जिस पर शिक्षक ने उसे डंडे, थप्पड़, घूसों से पीटा और घसीटकर कार्यालय तक ले गए। साथ ही उसे जाति सूचक शब्द कहते हुए अपमानित किया। मामले की थाने में शिकायत के बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसपी के यहां शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 


वहीं, शिक्षक गोविंद तिवारी के अनुसार छात्र वाटर कूलर से पानी पीने जा रहीं विद्यालय की कुछ छात्राओं से उनका फोन नंबर मांग रहे थे और अश्लील हरकतें कर रहे थे। जिसकी शिकायत पर छात्रों को उनकी हरकत के लिए डांटा गया था। जाति सूचक गालियां देने व पीटने का आरोप गलत है। वहीं थाना प्रभारी धर्मेंद कुमार ने बताया कि बीते एक अक्टूबर को छात्र भीम आर्मी के नेताओं को लेकर थाना आए थे, लेकिन जो मामला बता रहे थे उसमें सच्चाई नहीं दिखी थी। इसलिए मामला नहीं दर्ज किया गया। बताया पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसकी जांच सीओ करेंगे।

[ad_2]
Credit By Amar Ujala

Back to top button