खबर शहर , Salman Khan News: 'मैं सलमान खान को नहीं छोड़ूंगा…' अभिनेता को धमकी देने वाला तैय्यब नोएडा से गिरफ्तार – INA

अभिनेता सलमान खान को धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक नोएडा (गौतमबुद्धनगर) में कारपेंटर का काम करता है। युवक की पहचान मोहम्मद तैयब (18) के रुप में हुई है। वह दिल्ली में रहता है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में टैक्स्ट मैसेज किया था कि मैं सलमान खान को नहीं छोड़ूंगा। धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद मोबाइल नंबर से धमकी देने वाले की तलाश शुरू हुई। युवक की लोकेशन यूपी की मिली तो मुंबई पुलिस ने यूपी पुलिस मुख्यालय को इनपुट दिया।
इसके बाद मंगलवार को आरोपी युवक मोहम्मद तैयब निवासी दिल्ली को मुंबई की बांद्रा पुलिस ने नोएडा के थाना सेक्टर 39 इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक सेक्टर-92 की एक कोठी में कारपेंटर का काम कर रहा था। उसे आठ हजार रुपये महीने का वेतन मिलता है। मुंबई पुलिस की दो टीम नोएडा आई हुई हैं।
एसीपी नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने आरोपी को पकड़े जाने की पुष्टि की। मोहम्मद तैयब मूल रुप से बरेली का रहने वाला है। इस समय अपने चाचा के पास कर्दनपुरी, अंबेडकर चौक ज्योति नगर दिली में रह रहा था। पिता का नाम ताहिर है। वह बरेली में दर्जी का काम करता है। पूछताछ की जा रही है।