देश – हरियाणा में SC सीटें BJP के लिए बनीं जैकपॉट, कैसे दुष्यंत को खत्म कर खींच लिए दलित वोट – #INA

Haryana Vidhan Sabha Chunav Parinam: हरियाणा विधानसभा की कुल 90 सीटों में से 17 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इस बार इन सीटों पर कांग्रेस बनाम भाजपा का मुकाबला है। तीसरे किसी भी दल की दाल गलती नजर नहीं आ रही है। दोपहर 12.25 बजे तक ताजा चुनावी रुझानों के मुताबिक 17 में से 9 पर कांग्रेस और आठ पर भाजपा के उम्मीदवार बढ़त लिए हुए हैं। बड़ी बात ये है कि जिन सीटों पर दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी ने 2019 में जीत दर्ज की थी, उनमें से अधिकांश पर अब भाजपा  कब्जा करती दिख रही है।

2019 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 17 में सात सीटें जीती थीं, जबकि दूसरे नंबर पर भाजपा रही थी, जिसने पांच सीटें जीती थीं। दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी के खाते में पिछली बार चार आरक्षित सीटें गई थीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई थी। इस बार जजपा एक भी सीट पर कमाल करती नजर नहीं आ रही है। अनारक्षित सीटों पर भी जजपा का बुरा हाल है।

कौन-कौन सीटें आरक्षित

सुरक्षित सीटों में अंबाला जिले की मुलाना, यमुनानगर की साढौरा, कुरुक्षेत्र की शाहाबाद, कैथल की गुहला, करनाल जिले की नीलोखेड़ी, पानीपत की इसराना, सोनीपत की खरखौदा, जींद की नरवाना, सिरसा की कालांवाली, फतेहाबाद की रतिया, हिसार की उकलाना, भिवानी की भवानी खेड़ा, झज्जर जिले की झज्जर सीट, रोहतक की कलानौर, रेवाड़ी की बावल, गुरुग्राम की पटौदी और पलवल की होडल सीट शामिल हैं।

किस सीट पर क्या रुझान?

ताजा रुझानों के मुताबिक, जिन आरक्षित सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं, उनमें मुलाना, साढौरा, शाहाबाद, गुहला, रतिया, कालांवाली, उकलाना, झज्जर और होडल शामिल हैं। बाकी सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।

मुलाना से कांग्रेस की पूजा आगे चल रही हैं। उन्होंने करीब 12 हजार वोटों की बढ़त ले रखी है। दूसरे नंबर पर भाजपा की संतोष चौहान सरवन हैं। 2019 में भी कांग्रेस ने ये सीट जीती थी।

साढौरा से कांग्रेस की रेणु बाला आगे चल रही हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा के बलवंत सिंह हैं। रेणु बाला इस सीट से सीटिंग विधायक हैं।

शाहाबाद से कांग्रेस के रामकरण आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा के सुभाष चंद हैं, जो फिलहाल 5950 वोटों से पीछे हैं। 2019 में राम करण ने यहां से जजपा के टिकट पर चुनाव जीता था।

गुहला से कांग्रेस के देवेंद्र हंस करीब 17 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा के कुलवंत राम बाजीगर हैं। पिछले चुनाव में यहां से जजपा के ईश्वर सिंह ने बाजी मारी थी।

निलोखेड़ी सीट पर भाजपा के भगवान दास करीब 10 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के धरम पाल हैं। पिछले चुनाव में बतौर निर्दलीय धरम पाल ने यहां से जीत दर्ज की थी।

इसराना सुरक्षित सीट से भाजपा के कृष्णलाल पंवार 12 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के बलबीर सिंह बाल्मीकि हैं। पिछले चुनाव में बलबीर सिंह ने करीब 20 हजार वोटों के मार्जिन से यहां से जीत दर्ज की थी।

खरखौदा सीट से भाजपा के पवन खरखोदा आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के जयवीर सिंह पीछे हैं और दूसरे नंबर पर हैं। 2019 में जयवीर सिंह ने यहां से चुनाव जीता था।

नरवाना सीट से भाजपा के कृष्ण कुमार आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के सतबीर डबलैन हैं। 2019 में यहां से जजपा के राम निवास ने जीत दर्ज की थी।

#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY
डिस्क्लेमरः यह लाइव हिंदुस्तान डॉट कॉम न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ आई एन ए टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी लाइव हिंदुस्तान डॉट कॉम की ही होगी.

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News