यूपी – प्रदर्शन: मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज में हंगामा, एबीवीपी पदाधिकारियों ने गेट पर जड़ा ताला, प्राचार्य से नोकझोंक – INA

मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज में लागू की आचार संहित और नियंता मंडल के खिलाफ विद्यार्थियों ने मंगलवार को काॅलेज के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद वहीं धरने पर बैठकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे प्राचार्य व नियंता मंडल के साथ भी तीखी नोकझोंक हुई।
बाद में प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। प्राचार्य ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। विद्यार्थी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मुरादाबाद महानगर के कार्यकर्ताओं के साथ सुबह करीब 11 बजे कॉलेज पहुंच गए। छात्रों को हो रही शैक्षिक समस्याओं को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसकी वजह से विद्यार्थी न तो कॉलेज के अंदर जा पा रहे थे और न ही कॉलेज से बाहर आ पा रहे थे। सूचना पाकर बुध बाजार पुलिस चौकी और कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों को समझाया। इसके बाद उन्होंने ताला तो खोल दिया, लेकिन गेट पूरी तरह से नहीं खोला।
हालांकि जो विद्यार्थी आना-जाना चाह रहे थे, पुलिसकर्मी बार-बार पदाधिकारियों से गेट खुलवा रहे थे। पदाधिकारियों ने कहा कि चेकिंग के नाम पर नियंता मंडल के सदस्य छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। विद्यार्थियों की कक्षाएं नियमित संचालित नहीं हो रही हैं।
विद्यार्थियों का आरोप था कि स्टाफ के डिपार्टमेंट में तो शिक्षकों के पीने के लिए आरो लगा हुआ है लेकिन छात्र गंदा पानी पीने के लिए मजबूर हैं। कॉलेज प्रशासन उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। कॉलेज में छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन की भी सुविधा नहीं है।
गेट बंद होने पर प्राचार्य प्रो. सत्यव्रत सिंह रावत ने आपत्ति व्यक्त की। उन्होंने डेढ़ माह पहले इसी तरह से गेट बंद कर हुए धरना प्रदर्शन से विद्यार्थियों और शिक्षकों को हुई असुविधा की बात कही तो पदाधिकारियों ने तर्क दिया कि गेट बंद नहीं करेंगे तो समस्याओं की सुनवाई नहीं की जाएगी।