यूपी – बरेली: कूटरचित दस्तावेजों के जरिए लिया 50.50 लाख रुपये का लोन, दो साल बाद दो आरोपी गिरफ्तार – INA

बरेली में कूटरचित दस्तावेजों के जरिये सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 50.50 लाख रुपये का ऋण लेने के मामले में दो आरोपियों अफसर बेग और मुस्तकीम खान को किला थाना पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी बाकरगंज श्मशान भूमि के पास से की गई। पूछताछ में दोनों ने किसी और की अचल संपत्ति को खुद का दर्शाते हुए करीबियों के साथ मिलकर बैंक से ऋण लेने की बात स्वीकार की है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार इप्पीली ने 29 अगस्त 2024 को कोतवाली में दो अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई थीं। उन्होंने पुलिस को बताया था कि बारादरी थाना क्षेत्र के फाइक एन्क्लेव निवासी अफसर बेग, अब्दुल फहीम उर्फ रिजवान और घेर जाफर खां बजरिया इनायतगंज निवासी मुस्तकीम पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बैंक से 50.50 लाख रुपये का ऋण लेने का आरोप लगाया था। इसमें अफसर बेग के नाम से 22.50 लाख और मुस्तकीम व उसकी पत्नी फराह नाज के नाम पर 28 लाख रुपये का ऋण लेने का आरोप है।