यूपी – यूपी: एमएलसी चुनाव में सियासी घमासान, सपा ने भाजपा पर लगाए आरोप; चुनाव आयोग से की शिकायत – INA

आगरा खंड शिक्षक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में समाजवादी पार्टी ने सत्तारूढ़ भाजपा पर प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। सपा के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल और चुनाव प्रभारी संजय लाठर ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर चुनाव में निष्पक्षता सुनिश्चित करने, विवादित अधिकारियों की जांच और संवेदनशील बूथों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
फतेहाबाद रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सपा नेताओं ने कहा कि 23 अक्तूबर को होने वाले मतदान को प्रभावित करने के लिए शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और विद्यालय संचालकों पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा उम्मीदवार के डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ से जुड़े होने के कारण इसी संघ के अभियंताओं को मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारी बनाया जा रहा है। इससे मूक बूथ कैप्चरिंग और फर्जी मतदान की आशंका है।
सपा के चुनाव प्रभारी ने कहा कि डीआईओएस, बीएसए, अग्निशमन और विद्युत विभाग के जरिये नोटिस जारी करवाकर स्कूल प्रबंधकों को डराने का प्रयास हो रहा है। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान और श्रीनिवास यादव आदि मौजूद रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांगें
डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ से जुड़े पीठासीन अधिकारियों की जांच कर उन्हें चुनाव ड्यूटी से हटाया जाए।
संवेदनशील मतदान केंद्रों पर स्वतंत्र पर्यवेक्षक तैनात किए जाएं और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी हो।
दबाव बनाने वाले प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।
शिक्षकों और मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण में मतदान की सुविधा दी जाए।