यूपी – Banda: नवविवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप – INA

नवविवाहिता ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। पति ने देखा तो किसी तरह कमरा खोलकर शव को फंदे से उतारा। उधर, मायके पक्ष से आए पिता ने बाइक न देने पर पुत्री की प्रताड़ित कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव निवासी नेहा (27) ने मंगलवार की देर शाम अपने घर के अंदर छत के छल्ले से दुपट्टे से फंदा लगा लिया। घटना के समय उसका पति राजू रैदास घर के बाहर बैठा था। जब वह अंदर गया तो उसने कमरे का दरवाजा बंद पाया।
उसने जंगले से झांका तो नेहा को फंदे से लटका पाया। किसी तरह उसने दरवाजा खोलकर शव को फंदे से उतारा और मायके पक्ष व पुलिस को सूचना दी। पति ने बताया कि किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ था। न ही कहासुनी हुई है। उधर, मवई गांव से आए नेहा के पिता दिनेश रैदास ने बताया कि उसकी पुत्री की शादी के साल भर हुआ है। पति राजू बाइक की मांग को लेकर उसकी पुत्री को मारता पीटता था। नशे का आदी है। इसी के चलते उसने मारपीट कर उसकी पुत्री की हत्या की है। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि पिता उत्पीड़न का आरोप लगा रहे हैं। अभी तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।