यूपी – UP: इस सीट पर सपा का वर्चस्व तोड़ पाएगी भाजपा?… 2012 से यहां सरपट दौड़ रही 'साइकिल'; ऐसा है जीत का अंतर – INA

पिछले 12 वर्षों से मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा सीट पर सपा का दबदबा है। 2012 से मई 2024 तक हुए पांच चुनावों में सपा ने ही जीत दर्ज की है। 2019 में सपा की जीत का अंतर सबसे अधिक 64913 और सबसे कम 10821 वोट रहा।
ऐसे में कुंदरकी सीट पर कायम सपा के वर्चस्व को तोड़ना भाजपा के लिए आसान नहीं होगा। फिलहाल भाजपा उपचुनाव में सपा की घेराबंदी करने में जुटी है।
मुरादाबाद जिले की छह विधानसभा सीटों में देहात के बाद कुंदरकी सपा की सबसे मजबूत सीट मानी जाती है।
चुनावों के नतीजे भी यही बताते हैं। जिले की यह सीट संभल लोकसभा क्षेत्र में आती है। पिछले 12 साल में पांच चुनाव हो चुके हैं। इसमें तीन बार विधानसभा और दो बार लोकसभा चुनाव शामिल है। इन पांचों चुनावों में कुंदरकी विधानसभा सीट पर सपा को जीत मिली है।
विधानसभा हो या फिर लोकसभा का चुनाव, दोनों में सपा का वर्चस्व कायम रहा है। इस सीट पर चुनाव दर चुनाव सपा की जीत का अंतर भी बढ़ता गया है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में कुंदरकी सीट पर सपा ने 17201वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।