होर्मुज से भारतीय जहाजों को गुजरने देगा ईरान:8 महीने से बंद था यह रास्ता, इससे 40% कच्चा तेल मंगाता है भारत- INA NEWS

ईरान ने भारत समेत चार देशों के जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने पर लगी पाबंदियों से छूट दे दी है। अब भारत, चीन, इराक और कतर के जहाज इस समुद्री रास्ते से बिना किसी रोक-टोक के गुजर सकेंगे। ईरान की न्यूज वेबसाइट ईरानवायर और अनादोलू एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के उपाध्यक्ष अहमद हयात-मोगद्दम ने मंगलवार, 3 नवंबर को इसकी जानकारी दी। भारत को दवाओं की सप्लाई जारी रखने के लिए छूट रिपोर्ट के मुताबिक, भारत को यह छूट ईरान में दवाओं का आयात जारी रखने के लिए दी गई है। वहीं, चीन को छूट देने के पीछे ईरान की उम्मीद है कि बीजिंग राजनीतिक स्तर पर उसका समर्थन करेगा। हालांकि, इस छूट का मतलब यह नहीं है कि सभी देशों के जहाजों को मुफ्त रास्ता मिलेगा। भारतीय और चीनी जहाजों को होर्मुज से गुजरने के लिए ट्रांजिट शुल्क देना होगा। कतर के जहाजों को बिना किसी शुल्क के गुजरने की अनुमति होगी। इराक को छूट देने की वजह रिपोर्ट में नहीं बताई गई है। भारत के लिए क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री तेल मार्गों में से एक है। यह फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है। इसके एक तरफ ईरान और दूसरी तरफ ओमान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) हैं। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल दूसरे देशों से खरीदता है। अनुमान के मुताबिक, भारत के कुल कच्चे तेल आयात का करीब 40% हिस्सा होर्मुज स्ट्रेट से होकर आता है। इस रास्ते से सऊदी अरब, इराक, कुवैत और UAE जैसे देशों से तेल की सप्लाई होती है। अगर इस रास्ते पर आवाजाही रुकती है तो भारत के लिए तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने और भारत के आयात खर्च पर दबाव पड़ने का खतरा रहता है। ईरान का दावा- बारूदी सुरंगों से 4 तेल टैंकर तबाह ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिण में प्रतिबंधित रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे चार तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराकर तबाह हो गए। रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के बयान के मुताबिक, चारों टैंकरों में आग लगी हुई थी। इसके अलावा दो अन्य जहाजों को भी कब्जे में लेने का दावा किया गया है। ईरान ने अमेरिका दोबारा जंग की चेतावनी दी ईरान ने अमेरिका को साफ चेतावनी दी है कि अगर युद्ध दोबारा शुरू हुआ तो वह मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है। अमेरिका के साथ बातचीत में ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बागेर गालिबफ ने कहा कि उनका देश ‘ट्रिगर पर उंगली रखकर युद्ध के लिए तैयार है। ईरान ने कहा है कि वह होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए अमेरिका को उसकी पुरानी मांगें माननी होंगी। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा कि उनकी सरकार बातचीत के जरिए संकट का समाधान निकालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मंगलवार को कहा, ‘अगर दोबारा युद्ध शुरू होता है तो इससे किसी को फायदा नहीं होगा।’

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button