UP News: अब दिल्ली क्यों जाना… नोएडा से हिमाचल-राजस्थान के लिए चलेंगी 24 घंटे डायरेक्ट बसें, एयरपोर्ट की तर्ज पर होगा बस डिपो का कायाकल्प – INA

Noida News: दिल्ली से सटे हाईटेक शहर नोएडा के बस डिपो को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बेहद महत्वाकांक्षी योजना को हरी झंडी दे दी है. अब नोएडा रोडवेज बस डिपो से यात्रियों को सीधे अंतरराज्यीय बस सुविधा मिलने जा रही है. उत्तर प्रदेश सरकार ने इस बस स्टेशन को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर अत्याधुनिक और हाईटेक बनाने की मंजूरी दे दी है. इस नए प्रीमियम बस अड्डे का कायाकल्प किसी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तर्ज पर किया जाएगा, जहां यात्रियों को सिर्फ बसें ही नहीं बल्कि वर्ल्ड क्लास सुविधाएं भी मिलेंगी.
इस बड़े प्रशासनिक फैसले के बाद दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को सफर करने में काफी आसानी होगी. नोएडा डिपो से अब हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत देश के अन्य प्रमुख राज्यों के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू की जाएंगी. अभी तक नोएडा और आसपास के लोगों को राजस्थान या हिमाचल प्रदेश जाने के लिए दिल्ली के आनंद विहार या कश्मीरी गेट बस टर्मिनस जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था. अब यह झंझट पूरी तरह खत्म हो जाएगा. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस डिपो से अंतरराज्यीय बसों का संचालन 24 घंटे (दिन-रात) उपलब्ध रहेगा, जिससे देर रात भी यात्रा करना सुरक्षित और सुगम हो जाएगा.
मल्टीप्लेक्स, फूड कोर्ट और होटल… बस टर्मिनल पर मिलेंगी ये आलीशान सुविधाएं
पीपीपी मॉडल के तहत विकसित होने वाले इस अत्याधुनिक टर्मिनल के भीतर यात्रियों को निम्नलिखित वर्ल्ड क्लास सुविधाएं दी जाएंगी. परिसर के भीतर ही एक शानदार मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल, बड़ा फूड कोर्ट, प्रीमियम रेस्तरां और बड़े शॉपिंग मॉल विकसित किए जाएंगे ताकि यात्री अपनी बस के इंतजार के समय में मनोरंजन और खरीदारी कर सकें. यात्रियों के बैठने के लिए वीआईपी लाउंज, अत्याधुनिक वातानुकूलित (AC) प्रतीक्षालय, साफ-सुथरे शौचालय और एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर पर जाने के लिए लिफ्ट व एस्केलेटर की विश्वस्तरीय व्यवस्था होगी.
ये भी पढ़ें: Telangana Mass Murder: तेलंगाना में सुबह-सवेरे 6 मर्डर, जमानत पर बाहर आते ही सनकी ने कर डाला कांड, पत्नी और बच्चों को भी नहीं बख्शा
अगर कोई यात्री दूर-दराज से आता है और उसे रुकना पड़ता है, तो डिपो परिसर के भीतर ही ठहरने के लिए आधुनिक होटल की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा वाहनों को सुरक्षित पार्क करने के लिए एक बड़ी अंडरग्राउंड पार्किंग का निर्माण भी किया जाएगा.
यूपी रोडवेज का सभी राज्यों से है करार, नए रूट्स की तैयारी
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि नोएडा डिपो को पीपीपी मॉडल पर विकसित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया के तहत तेजी से काम किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यूपीआईआरटीसी (UPSRTC) का लगभग देश के सभी राज्यों के परिवहन निगमों से पहले से ही करार है. यही वजह है कि गाजियाबाद और लखनऊ जैसे बड़े डिपो से कई राज्यों के लिए बसें आसानी से चलती हैं. आने वाले समय में इसी तर्ज पर नोएडा डिपो की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा और यात्रियों की मांग के अनुसार कुछ बिल्कुल नए रूट्स भी शुरू किए जाएंगे.
वर्तमान स्थिति: अभी केवल यूपी-उत्तराखंड का सहारा, बेड़े में हैं 305 बसें
फिलहाल नोएडा डिपो से सिर्फ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के शहरों के लिए ही बसों का संचालन होता है. उत्तराखंड के शहरों में मुख्य रूप से हरिद्वार, देहरादून और कोटद्वार के लिए बस सुविधा उपलब्ध है. नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो को मिलाकर कुल 305 बसें चालू स्थिति में हैं. ये सभी बसें साधारण श्रेणी की हैं और सीएनजी (CNG) से चलती हैं.
गौर करने वाली बात यह है कि दोनों ही डिपो के पास फिलहाल अपनी खुद की एक भी एसी (AC) बस नहीं है. हालांकि, यूपी के अन्य डिपो की एसी और इलेक्ट्रिक बसें नोएडा डिपो से होकर गुजरती हैं. वर्तमान में यहां से आगरा, मथुरा, एटा, कासगंज, बदायूं, हाथरस, लखनऊ, मेरठ, अलीगढ़, नजीबाबाद, बिजनौर और शिकोहाबाद जैसे शहरों के लिए नियमित बसें चलती हैं. बता दें कि करीब 10 साल पहले नोएडा डिपो से ‘जनरथ’ नाम की वातानुकूलित बसें चलती थीं, लेकिन बाद में लगातार घाटे का हवाला देकर उन्हें बंद कर दिया गया था, लेकिन अब इस नए कायाकल्प से डिपो के दिन बहुरने वाले हैं.
अब दिल्ली क्यों जाना… नोएडा से हिमाचल-राजस्थान के लिए चलेंगी 24 घंटे डायरेक्ट बसें, एयरपोर्ट की तर्ज पर होगा बस डिपो का कायाकल्प
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,