Technology, Apple ने OpenAI पर दर्ज किया मुकदमा: सीक्रेट प्रोजेक्ट का डेटा चुराने का गंभीर आरोप, जानिए क्या है पूरा मामला — INA

एपल ने कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में ओपनएआई के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि ओपनएआई ने उसके व्यापार रहस्यों का गलत तरीके से इस्तेमाल किया और यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि संस्थागत स्तर पर कदाचार के समन्वित पैटर्न का हिस्सा है। एपल का कहना है कि उसके कुछ पूर्व कर्मचारियों ने कंपनी की गोपनीय जानकारी ओपनएआई के लाभ के लिए इस्तेमाल की।
किन लोगों का नाम आया सामने?
- मुकदमे में एपल ने अपने दो पूर्व कर्मचारियों पर शिकंजा कसा है। इनमें पहले टैंग टैन (Tang Tan) हैं, जिन्होंने आईफोन, एपल वॉच और आईपॉड जैसे उत्पादों के डिजाइन में अहम भूमिका निभाई थी। वर्तमान में वे ओपनएआई में चीफ हार्डवेयर ऑफिसर हैं।
- दूसरा नाम चांग लियू का है, जो एपल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे। कंपनी के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में नौकरी छोड़ने से पहले लियू को एपल के सबसे संवेदनशील उत्पाद विकास प्रयासों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
एपल के आरोप क्या हैं?
- एपल का दावा है कि चांग लियू ने कंपनी छोड़ने से पहले एपल की ओर से जारी किए गए डिवाइस पर कई गोपनीय हार्डवेयर फाइल्स को एक्सेस और डाउनलोड किया।
- कंपनी का यह भी कह रही है कि टैंग टैन ने OpenAI में इंटरव्यू देने वाले कुछ एपल कर्मचारियों को वास्तविक हार्डवेयर पार्ट्स साथ लाने के लिए कहा।
- एपल का कहना है कि यह सब उसकी गोपनीय तकनीकी जानकारी तक पहुंच बनाने की कोशिश का हिस्सा था।
ओपनएआई किस हार्डवेयर पर काम कर रहा है?
कंपनी ने अब तक अपने नए हार्डवेयर उत्पाद की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि कंपनी ने इशारा जरूर किया है कि वह ऐसे एआई डिवाइस पर विकसित कर रही है, जो पारंपरिक स्क्रीन और इंटरफेस से अलग तरीके से लोगों को एआई के साथ बातचीत करने का अनुभव दे सकता है।
पहले भी किया था संपर्क
- एपल ने कहा यह कोई पहली बार नहीं है। इससे पहले फरवरी में ओपनएआई से संपर्क कर अपनी चिंताओं को बताया था, लेकिन कंपनी के अनुसार ओपनएआई की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
- इसके बाद एपल ने अदालत का रुख किया और कहा कि वह अपने नवाचारों और बौद्धिक संपदा की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाएगा।
OpenAI का क्या रुख है?
फिलहाल अभी तक ओपनएआई ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की थी। वहीं एपल ने दोहराया कि वह अपने कर्मचारियों की मेहनत, शोध और तकनीकी नवाचारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
क्यों गंभीर है यह मुद्दा
यह मुकदमा ऐसे समय में सामने आया है जब AI हार्डवेयर को अगली बड़ी तकनीकी दौड़ माना जा रहा है। यदि अदालत में इन आरोपों की पुष्टि होती है, तो इसका असर AI कंपनियों के बीच प्रतिभाओं की भर्ती, गोपनीय तकनीकी जानकारी की सुरक्षा और भविष्य के हार्डवेयर विकास पर पड़ सकता है। दूसरी ओर, अगर OpenAI आरोपों को गलत साबित करता है, तो यह मामला AI उद्योग में प्रतिस्पर्धा और बौद्धिक संपदा अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण कानूनी मिसाल बन सकता है।