दिल्ली – DU: एसओएल में यूजी और पीजी के दाखिले का बिगुल बजा, डिस्टेंस एजुकेशन बोर्ड से मंजूरी के बाद प्रक्रिया शुरू – #INA

DU: दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में स्नातक व स्नातकोत्तर प्रोग्राम में दाखिले का इंतजार समाप्त हो गया है। एसओएल के डिपार्टमेंट ऑफ डिस्टेंस एंड कंटीन्यूइंग एजुकेशन (डीडीसीई) में सभी स्नातक और स्नातकोत्तर प्रोग्रामों के लिए मंगलवार रात 11 बजे से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई। ऑनलाइन आवेदन व दाखिला एसओएल की वेबसाइट sol.du.ac.in के माध्यम से लिया जा सकता है। अभी दाखिला लेने के लिए अंतिम तिथि तय नहीं की गई है।
अब तक डिस्टेंस एजुकेशन बोर्ड (डीईबी) से मंजूरी के इंतजार में दाखिले अटके हुए थे। कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि हर बार डीईबी से पांच साल के लिए मंजूरी मिलती है, लेकिन इस बार केवल एक साल के लिए ही दी गई है। ऐसे में अब इसको लेकर अपील करेंगे।
जामिया में हॉस्टल सीट नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरु
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जामिया मिल्लिया इस्लामिया के जामिया स्कूल्स हॉस्टल (बॉयज) में सीट नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में जामिया ने सूचना जारी की है। इसके अनुसार छात्र जामिया की वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। छात्र 20 जुलाई तक प्रोवोस्ट कार्यालय में आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे, जबकि हॉस्टल फीस जमा करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई है।
प्रशासन ने छात्रों से समय रहते आवेदन और शुल्क जमा करने की अपील की है ताकि प्रवेश नवीनीकरण प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके। वहीं स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की जामिया इकाई ने गर्ल्स हॉस्टल में प्रवेश नवीनीकरण के लिए साक्षात्कार अनिवार्य किए जाने के प्रशासनिक फैसले का कड़ा विरोध किया है। संगठन का आरोप है कि प्रशासन ने इस नई व्यवस्था को लागू करने के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है।