दिल्ली – संसद मार्च में जाना चाहते हैं वांगचुक: अस्पताल से मांगी छुट्टी, कहा- मैं ठीक हूं, कृपया मुझे जाने दीजिए – #INA

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सोमवार को सफदरजंग अस्पताल प्रशासन से उन्हें छुट्टी देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि उनकी स्वास्थ्य संबंधी सभी जांच सामान्य हैं, इसलिए उन्हें ‘संसद चलो’ मार्च में शामिल होने की अनुमति दी जाए। यह मार्च कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके और अन्य कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे वांगचुक को 18 जुलाई को अनशन के 21वें दिन स्वास्थ्य बिगड़ने पर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वांगचुक ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर साझा किए गए एक पत्र में लिखा कि वह आज खुद को पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रहे हैं और अस्पताल प्रशासन से अनुरोध करते हैं कि उन्हें, भले ही अस्थायी रूप से, अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति दी जाए ताकि वे सोमवार सुबह संसद तक निकाले जा रहे ‘संसद चलो’ मार्च में शामिल हो सकें।