यूपी – Kanpur: पार्क से हटाए 18 कब्जे, हंगामा कर रहे सपा नेता को घसीटकर थाने ले गई पुलिस – INA

जूही सफेद कॉलोनी स्थित एक पार्क में वर्षों से हुए 18 कब्जों को नगर निगम ने मंगलवार को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने मामला कोर्ट में विचाराधीन होने का हवाला देते हुए विरोध किया। मौके पर पहुंचे सपा नेता ने विरोध करते हुए हंगामा किया जिस पर भाजपा पार्षद से गाली गलौज और नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस सपा नेता को घसीटकर थाने ले गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।


नगर निगम उद्यान विभाग के प्रभारी दिवाकर भास्कर ने बताया कि जूही सफेद कॉलोनी के ब्लॉक 43 और 48 के बीच स्थित पार्क में करीब 12 वर्षों से अतिक्रमण था। नगर निगम की ओर से कई बार कब्जा हटाने के लिए नोटिस दिए गए थे। 10 जुलाई को अंतिम नोटिस जारी करने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद मंगलवार को अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव, जोन तीन के जोनल अधिकारी रवींद्र कुमार समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने बुलडोजर से पार्क में बने 18 पक्के निर्माणों को ध्वस्त कराया। नगर निगम अब पार्क का सुंदरीकरण कराएगा।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button