यूपी – 41 साल के वैवाहिक रिश्ते में दरार: बुजुर्ग पति बोला- गालीगलौज कर पत्नी जूतों से पीटती है, DM से न्याय की गुहार – INA

जिलाधिकारी के जनता दर्शन में बुधवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया। 41 वर्षों से वैवाहिक जीवन बिता रहे एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी पर मारपीट, गाली-गलौज और जूतों से पीटकर अपमानित करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उसे सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।
बुजुर्ग ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि उसने जीवनभर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण किया। खेत बेचकर मकान बनवाया, बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाई और तीनों बेटों की शादी भी कराई। इतना ही नहीं, उसने अपनी पत्नी के नाम पर जमीन भी खरीदी, लेकिन अब वही पत्नी उसके साथ दुर्व्यवहार कर रही है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी आए दिन उससे गाली-गलौज करती है और कई बार जूतों से भी मारपीट कर चुकी है।