यूपी – सूनी हुई 4 बच्चों की जिंदगी: मोबाइल देखते समय कोबरा के डसने से महिला की गई जान, पति की 5 साल पहले हो चुकी मौत – INA

बेटियों के साथ घर के आंगन में मोबाइल देख रही मां को काले सांप ने काट लिया। शोरगुल होने पर परिजन उसे वाहन से मेडिकल कालेज लाए। उपचार शुरू होने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को गांव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। थाना गिरवां क्षेत्र के गांव रगौला निवासी शोभा (35) अपनी बेटी दीपिका (15), मांडवी (13), बेटे सतीश (10) व मनीष (8) के साथ रहती थी।
उनके पति लक्ष्मी का पांच साल पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था। तब से शोभा ही खेत बटाई पर लेकर परिवार का भरण-पोषण कर रही थी। बुधवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे शोभा, घर के आंगन में बेटियों के साथ बैठकर मोबाइल देख रही थी। इस दौरान कहीं से कोबरा आंगन में आ गया और उसने शोभा को डस लिया। सांप के काटते ही शोभा चीखने लगी और बेटियों ने परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी।