खबर शहर , Agra News: एमपी से तेंदुए की खाल की तस्करी, चार गिरफ्तार – INA

आगरा। मध्य प्रदेश के शिवपुरी से तेंदुओं की खाल लेकर आए चार तस्करों को बृहस्पतिवार रात सैंया के तेहरा स्थित होटल राजपूताना के पास से पुलिस और वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। वन विभाग की टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। खाल खरीदने के लिए ग्राहक बनकर बात की। आरोपी कार से होटल पहुंचे। तभी टीम ने उन्हें पकड़ लिया। उनसे तेंदुओं की 10 खाल बरामद की गईं। इसे सभी कहां से लेकर आए थे? कितने रुपये में बेचते थे? इस बारे में देर रात पूछताछ की जा रही थी।

डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि 15 दिन पहले तेंदुओं की खालों की तस्करी करने वाले गिरोह के बारे में जानकारी मिली थी। इस पर फतेहाबाद रेंज के रेंजर विशाल राठौर और खेरागढ़ के रेंजर सम्यक कैन के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने तस्करों से संपर्क किया। खरीदार बनकर 10 खाल लाने को कहा। करीब चार दिन तक तस्करों से लगातार संपर्क और बातचीत होती रही। एक बिचौलिए के माध्यम से खाल खरीदना तय हो गया।

पहले तस्करों को शहर में बुलाने की योजना थी, लेकिन पकड़े जाने के डर से उन्होंने आने से इनकार कर दिया। सैंया में हाईवे स्थित एक होटल में बृहस्पतिवार को मिलना तय हो गया। होटल के आसपास टीम ने घेराबंदी कर ली। सुरक्षा के लिए वन विभाग के साथ पुलिस और वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम को भी लगाया गया। शाम करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच जैसे ही तस्कर तेंदुओं की 10 खाल लेकर होटल पहुंचे, वैसे ही टीम ने हिरासत में ले लिया। जांच में पता चला कि बरामद खाल दूसरे राज्यों से लाई गई हैं। वन विभाग अब आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है। खाल कहां से आईं और कहां पहुंचाया था, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दोगुनी कीमत का लालच देकर होटल बुलाए तस्कर

वन विभाग की टीम ने तस्करों को एक खाल की सामान्य कीमत से करीब दोगुनी कीमत देने का लालच दिया। अधिक कीमत मिलने की उम्मीद में तस्कर आगरा आने को तैयार हुए। मगर शहर की जगह देहात में ही आना चाहते थे।

डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह के मुताबिक, प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तेंदुए की खाल मध्य प्रदेश के शिवपुरी से लेकर आते हैं। वहां पर कई लोग खाल बेचने का काम कर रहे हैं। इन्हें दिल्ली, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में महंगे दाम में बेचते हैं। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर नेटवर्क को खंगाला जाएगा।


Credit By Amar Ujala

Back to top button