सीजी- Korba News: किराए के मकान में फंदे से लटका मिला युवक का शव, देर रात पिता को फोन कर रोया था इकलौता बेटा – INA

जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित टीपी नगर के पास किराए के कमरे में एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरपाली निवासी 24 वर्षीय रोहन उर्फ अमन श्रीवास के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार रोहन उर्फ अमन टीपी नगर के पास किराए के कमरे में अकेले रहता था और एक सैलून में काम करता था। वह परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की अपने पिता से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद देर रात करीब ढाई बजे उसने दोबारा पिता को फोन किया। बातचीत के दौरान वह रो रहा था। कुछ देर बाद उसने फोन काट दिया। शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने कई बार उसे फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर परिजन तुरंत उसके कमरे पर पहुंचे, जहां रोहन का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

ये भी पढ़ें: पॉक्सो एक्ट में टीचर अरेस्ट: नाबालिग छात्रा को बंधक बनाया, घर में किया दुष्कर्म; पीड़िता ने बताया काला सच

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आत्महत्या के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button