खबर शहर , दो दिन घर से निकलें संभलकर: मुख्यमंत्री के आगमन पर आज और कल रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, देख लें ये रूट प्लान – INA

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आगरा आ रहे हैं। शनिवार और रविवार को उनके विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। 25 जुलाई को फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में सभा और 26 जुलाई को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने दो दिन के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। 

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी व हल्के वाहनों के संचालन में बदलाव किया गया है। वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि पुलिस ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए टाटा ग्राउंड के आसपास तीन पार्किंग तथा जनसभा में आने वाली बसों व हल्के वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की है। बसों के लिए तोरा चौकी और सेल्फी प्वाइंट से निर्धारित मार्ग तय किए गए हैं।

यह रहेगी व्यवस्था

– फतेहाबाद से आने वाले मध्यम व भारी वाहन इनर रिंग रोड, रहनकलां, कुबेरपुर और गुतिला अंडरपास होकर शमसाबाद, इरादतनगर, सैंया, दिगनेर व रोहता की ओर जाएंगे।

– रमाडा अंडरपास से तोरा चौकी और टाटा ग्राउंड की ओर मध्यम व भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

– रमाडा की ओर से आने वाले हल्के वाहन तोरा चौकी, 125 फुटा रोड और कैला देवी धर्मकांटा होकर गंतव्य तक पहुंचेंगे। सेल्फी प्वाइंट से आने वाले हल्के वाहन अपनी निर्धारित लेन से रमाडा की ओर जा सकेंगे।

– यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से आने वाले भारी वाहन इनर रिंग रोड और गुतिला अंडरपास होकर शमसाबाद, इरादतनगर, सैंया, दिगनेर व रोहता की ओर जाएंगे।

– शमसाबाद इनर रिंग रोड से आने वाले भारी वाहन रमाडा इनर रिंग रोड होकर यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और कुबेरपुर की ओर भेजे जाएंगे।

– 26 जुलाई के कार्यक्रम को देखते हुए 25 जुलाई की रात यमुना किनारा, जीवनी मंडी और वाटर वर्क्स के बीच ट्रांसपोर्ट गोदामों पर भारी वाहनों का प्रवेश और लोडिंग-अनलोडिंग प्रतिबंधित रहेगी।

– 25 जुलाई को नो-एंट्री खुलने के बाद एत्माद्दौला, वाटर वर्क्स, सुल्तानगंज की पुलिया, पालीवाल पार्क समेत अन्य मार्गों से जीवनी मंडी और यमुना किनारा की ओर मध्यम व भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button