खबर शहर , Agra News: गांव छोड़ने के बहाने दंपती को लूटा, चलती कार से फेंका – INA

आगरा। राजस्थान के कोटा से नातिन के अंतिम संस्कार में शामिल होने आगरा आए दंपती को कार सवारों ने गांव छोड़ने के बहाने कार में बैठा लिया। इसके बाद पेट्रोल डलवाने के बहाने सुनसान रोड पर ले गए। तमंचे के बल पर सोने-चांदी के जेवर लूटने के बाद चलती कार से फेंक दिया। पीड़ित ने एकता थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कोटा के अंबे विहार निवासी मीरा सोनी अपने पति राधेश्याम के साथ नातिन के निधन पर अंतिम संस्कार में शामिल होने 20 जुलाई की सुबह करीब पांच बजे आगरा आई थीं। बिजलीघर बस स्टैंड पर थाना सैयां के तेहरा क्षेत्र स्थित गांव बिरहरू जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थीं। मीरा सोनी ने बताया कि इंतजार के दौरान एक काले रंग की कार से उतरे युवक ने तेहरा जाने की बात कहकर कहा कि ऑटो के बराबर ही किराया लगेगा।
आरोप है कि रास्ते में सेवला स्थित पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद चालक ने कार को गुतिला मोड़ के पास सुनसान स्थान पर मोड़ दिया। वहां कार में पहले से मौजूद दो अन्य युवकों और चालक ने लूटपाट की।
पीड़िता का कहना है कि घटना वाले दिन 18 वर्षीय नातिन की मौत के सदमे में होने के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकीं। बाद में तहरीर दी। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।