यूपी – Lucknow: अधिवक्ताओं ने परिवार पर किया हमला और हत्या का प्रयास, युवती को बंधक बनाकर अश्लीलता; 14 पर एफआईआर – INA

पुराना हाईकोर्ट परिसर में बने चैंबर में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने युवक, उसके परिवार और दोस्त की हत्या का प्रयास किया। हमलावरों ने युवक की बड़ी बहन को दूसरे चैंबर में बंधक बनाकर अश्लीलता भी की। पुलिस ने युवती को बचाया। वजीरगंज पुलिस ने 14 अधिवक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

बाराबंकी निवासी युवक ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह छोटी बहन के कोर्ट मैरिज करने के मामले में मां, बड़ी बहन और दोस्त के साथ पुराने हाईकोर्ट पहुंचा था। सभी सिविल कोर्ट परिसर में अधिवक्ता प्रशांत वाजपेयी के चैंबर में गए। वहां प्रशांत के अलावा रवि कुमार कनौजिया, आकाश कुमार वर्मा, इस्लामुद्दीन, मो. आसिफ, सौरभ तिवारी और आठ अन्य अधिवक्ता मौजूद थे।

ये भी पढ़ें – राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आईजी रेंज लखनऊ की अध्यक्षता में नई एसआईटी गठित, अयोध्या के डीआईजी- एसएसपी शामिल



ये भी पढ़ें – यूपी में मानसून फिर होगा सक्रिय, 27 जुलाई से भारी बारिश के आसार, ये है मौसम अपडेट

युवक का आरोप है कि जब वह छोटी बहन को समझाने लगा तो सभी अधिवक्ताओं ने मुवक्किल को भड़काने की बात कहकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे, दोस्त और मां को पकड़ लिया और कुर्सी व रॉड से सिर पर हमला किया। इससे मां मौके पर ही मरणासन्न हो गईं।

बहन को घसीटते हुए ले गए दूसरे चैंबर

युवक का आरोप है कि अधिवक्ता आकाश और इस्लामुद्दीन उसकी बड़ी बहन को घसीटते हुए दूसरे चैंबर में ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर चैंबर का दरवाजा बंद कर दिया और फिर उसके साथ अश्लीलता की। युवक और उसका दोस्त किसी तरह चैंबर से निकले और अन्य अधिवक्ताओं से मदद मांगी, पर किसी ने साथ नहीं दिया। इसके बाद वे लोग चौकी पुराना हाईकोर्ट पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस को आता देख भाग निकले आरोपी

घटनास्थल पर पुलिस को आता देख आरोपी भाग निकले। युवक का कहना है कि उसकी मां के सिर, आंख और दोस्त को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्होंने वजीरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि 14 आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास, बलवा और लज्जा भंग करने की कोशिश सहित अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित चार टीमें ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button