सीजी- GPM News: संदिग्ध महिला के शव की हुई पहचान, पीएम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या का खुलासा, जांच में जुटी पुलिस – INA

कोटमी चौकी क्षेत्र के ग्राम सेखवा में खेत से संदिग्ध परिस्थितियों में मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरा (कलेवानार) निवासी 40 वर्षीय संतोषी आयाम, पति स्वर्गीय इतवार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस के समक्ष शव की शिनाख्त की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सेखवा मेन रोड स्थित बिमला बाई गोंड़ के खेत में एक महिला का शव चित अवस्था में मिला था। शव का चेहरा मिट्टी से ढंका हुआ था और कई दिन पुराना होने के कारण फूल चुका था, जिससे उसकी मौके पर पहचान नहीं हो सकी थी। सूचना मिलने पर कोटमी चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।

ये भी पढ़ें: CG: दुर्ग अस्पताल में बड़ी लापरवाही, ऑपरेशन थिएटर में चींटियां पहुंचने से मरीज परेशान; तीन दिन से सर्जरी ठप

जांच के दौरान पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेंड्रा में कराया। चिकित्सकों की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबाकर दम घुटने से होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।

पुलिस अब मृतका की अंतिम गतिविधियों, घटनास्थल तक उसके पहुंचने की परिस्थितियों और संभावित आरोपियों के संबंध में गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।


Credit By Amar Ujala

Back to top button