खबर शहर , 70 वर्षीय बुजुर्ग की रफ्तार: नौजवान रह गए हैरान, बदमाश के पीछे ऐसे लगाई दौड़; लोग दबा बैठे दांतों तले अंगुली – INA

आगरा के खेड़ा राठौर में  ब्रजभूषण पुरा गांव के 70 वर्षीय रघुवीर सिंह की हिम्मत देखने वाले भी दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गए। बाइक सवार उनका डेबिट कार्ड छीनकर भाग रहा था। उन्होंने बदमाश को पकड़ने के लिए दाैड़ लगा दी। बाइक का लगेज कैरियर पकड़ लिया, जिससे सड़क पर 100 मीटर तक घिसटकर वह घायल हो गए।


बुजुर्ग रघुवीर सिंह शुक्रवार शाम बाह में केंनरा बैंक के पास दुकान पर खड़े थे। तभी पहुंचा बदमाश उनके हाथ से डेबिट कार्ड छीनकर भागा। वह भी बदमाश के पीछे दौड़ पड़े। बदमाश ने बाइक दौड़ा दी। पीछे से वृद्ध ने बाइक का लगेज कैरियर पकड़ लिया। बदमाश ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। बुजुर्ग रघुवीर सड़क पर घिसटने लगे। सड़क किनारे के दुकानदार वृद्ध की हिम्मत देखकर दंग रह गए।

करीब 100 मीटर तक घिसटने के बाद वृद्ध के हाथ से बाइक का कैरियर छूट गया और वह सड़क पर घिसटने से लहूलुहान हो गए। मौके पर जमा हुई भीड़ ने वृद्ध के साहस को सलाम किया। पुलिस को भी बुला लिया। पुलिस ने अस्पताल ले जाकर वृद्ध की मरहम पट्टी कराई। डेबिट कार्ड लेकर भागे बदमाश की पहचान के लिए बाह पुलिस सड़क किनारे के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। वृद्ध को बदमाश की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार किए जाने का आश्वासन दिया है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button