खबर शहर , भूल गए राज्यपाल का दिया लक्ष्य: नैक ए प्लस के बाद बड़े सपने, एक साल से सुस्ती; टॉप-100 रैंकिंग का लक्ष्य अधूरा – INA

 प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पिछले दीक्षांत समारोह में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय को नैक ए प्लस ग्रेड हासिल करने पर बधाई दी थी। साथ ही आगामी 25 वर्ष का विजन तैयार करने और दुनिया के 100 विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में स्थान बनाने का लक्ष्य भी दिया था। मगर, एक साल बाद भी विवि प्रशासन विजन भी नहीं तैयार कर सका है।

विवि के 91वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा था कि प्रदेश के सात विश्वविद्यालय एशिया की उच्च रैंकिंग में शामिल हैं। ऐसा ही प्रयास डॉ. बीआर आंबेडकर विवि को भी करना चाहिए। उन्होंने आगामी 25 वर्षों की आवश्यकता के अनुसार कार्ययोजना व विजन लेकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया और इसका लक्ष्य भी दिया।

विवि प्रशासन की तरफ से इस ओर कुछ कदम बढ़ाए गए लेकिन पूरी कार्ययोजना न होने से राह आसान नहीं दिख रही है। ओएमआर शीट पर परीक्षा कराना इसमें शामिल हुआ। हालांकि विवि प्रशासन ने रोजगार वाले पाठ्यक्रमों की दिशा में तेजी से काम किया है। उधर, छात्रों का आरोप है कि वर्तमान में मार्कशीट और डिग्री की समस्या का ही अब तक 100 प्रतिशत समाधान नहीं हो रहा है।

तीन दशक बाद छात्रावास की याद आई

सुल्तानगंज परिसर में पुरुष छात्रावास बना हुआ है। पिछले तीन दशक में यह छात्रावास खंडहर बन चुका है। अब विवि प्रशासन को इसकी याद आई है। इसलिए छात्रावास के निर्माण की योजना तैयार की गई है। इसके साथ गोपालगंज परिसर में महिला छात्रावास का निर्माण भी विवि की आगामी योजना में शामिल है। इन छात्रावास के निर्माण से छात्रों को फायदा मिलेगा।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button