खबर शहर , UP: फौज की वर्दी देखकर खा गई धोखा, युवती ने देख लिया शादी करने का सपना; हकीकत जान चूर-चूर हुए सभी अरमान – INA

आगरा के एकता थाना क्षेत्र में एक महिला को फर्जी सेना अधिकारी बनकर शादी का झांसा देने और अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मथुरा के रहने वाले आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, साइबर अपराध, ब्लैकमेलिंग और धमकी की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर वैवाहिक वेबसाइट के जरिए उससे संपर्क किया और शादी का झांसा देकर विश्वास में लिया। बाद में ब्लैकमेल करने लगा।

पीड़िता के अनुसार, अगस्त 2024 में एक वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से उसकी पहचान मथुरा निवासी रोहित कुंतल उर्फ गंभीर सिंह से हुई थी। आरोपी ने खुद को भारतीय सेना में अधिकारी और अविवाहित बताकर महिला का विश्वास जीता तथा शादी का झांसा दिया। इस दौरान मुलाकातों में उसने महिला के कुछ निजी फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में ले लिए। कुछ समय बाद पीड़िता को सच्चाई का पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं।

आरोप है कि युवक ने महिला की जानकारी के बिना उसका व्हाट्सएप एक्सेस कर लिया और उसके विवाह प्रस्ताव को तुड़वाने के लिए दूसरे पक्ष को आपत्तिजनक संदेश भेज दिए। इसके बाद वह पीड़िता के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने, होने वाले पति व उसके परिवार को भेजने की धमकी देने लगा। आरोपी ने उनसे पैसे मांगे, अश्लील फोटो और वीडियो भेजने का दबाव बनाया तथा इंकार करने पर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता की दूसरी जगह शादी होने के बाद भी आरोपी महिला और उसके पति को लगातार फोन और संदेश भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने पुलिस को चैट, कॉल रिकॉर्डिंग, स्क्रीनशॉट, फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं।

की जा रही है मामले की जांच

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि एकता थाना पुलिस ने आरोपी गंभीर सिंह उर्फ रोहित कुंतल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button