सीजी- CG: सस्ते ‘सोने’ के लालच में पड़ा युवक, पांच लाख के हार का झांसा देकर लगाई चपत, दो आरोपी गिरफ्तार – INA

जगदलपुर के नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम मंगनपुर निवासी एक युवक को दो युवकों ने पीतल के हार को सोने का बताकर 10 हजार रुपये की ठगी कर ली। युवक को ठगी का पता तब चला, जब वह हार की जांच कराने के लिए सोनार के पास पहुंचा। ठगी का शिकार होने के बाद युवक ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पांच लाख का हार दिखाकर बेचने की बात कही

मामले की जानकारी देते हुए नगरनार थाना प्रभारी ने बताया कि सात अगस्त को प्रार्थी लिंगेश्वर सेठिया निवासी मंगनपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि छह अगस्त की सुबह करीब आठ बजे वह काम से जगदलपुर जाने के लिए निकल ही रहा था। उसी समय दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे। इनमें से एक ने अपना नाम मोहन लाल बताया और खुद को भिलाई-दुर्ग का रहने वाला बताया। दोनों ने पैसों की जरूरत होने की बात कहते हुए पांच लाख रुपये का सोने का हार दिखाया और उसे बेचने की बात कही। प्रार्थी ने पहले पैसों का इंतजाम नहीं होने की बात कही। लेकिन जब आरोपी मोहन लाल ने अपना हार उसके पास रखने और 10 हजार रुपये देने की बात कही और बताया कि उसे अपने रिश्तेदार को रायपुर पैसे भेजने हैं, तो प्रार्थी ने बिना सोनार की दुकान पर हार की जांच कराए मोहन को 10 हजार रुपये दे दिए और हार अपने पास रख लिया। इसके बाद प्रार्थी हार को लेकर सोनार की दुकान पर पहुंचा और उसकी जांच कराई। जांच में हार मिक्स पीतल का निकला। आरोपियों द्वारा नकली सोने के हार को असली सोने का हार बताकर 10 हजार रुपये की ठगी करने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

ये भी पढ़ें-  रायगढ़ में सनसनीखेज वारदात का खुलासा: मां-बेटी से दुष्कर्म और हत्या का आरोप, 65 साल का आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आरोपी मोहन लाल सोलंकी निवासी नेहरू चौक, चरौदा, थाना निलाई-3, जिला दुर्ग और मोहन राय निवासी हथनीपारा वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के 4950 रुपये, दो नग नकली सोने की माला और प्रार्थी से ठगी गई पीतल मिक्स एक नग नकली सोने की माला जब्त की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button