सीजी- Weather: छत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड 647 फीसदी हुई बारिश, 24 घंटे में प्रदेश के इन स्थानों पर भारी बारिश की संभावना – INA

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून मेहरबान है। मानसून पूरी तरह से एक्टिव है। प्रदेश में अब तक औसत सामान्य वर्षा का 100.9 प्रतिशत बारिश हुई है। 1 जून से 9 अगस्त की अवधि में राज्य में औसतन 647.3 मि.मी. बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा (641.3 मि.मी.) के आंकड़े को पार कर चुकी है। केवल 9 अगस्त को ही प्रदेश में औसतन 27.9 मिलीमीटर झमाझम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने आज कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। अगले 24 घंटे में उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान अंबिकापुर में में 30.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया।
कैसा रहेगा रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज गरज-चमक के साथ आंधी चल सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है।
रायपुर शहर में 12 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों में रायपुर शहर में 12 सेमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा पथरिया में 16 सेमी, लोरमी में 11 सेमी, लाभांडी और लालपुर में 10-10 सेमी, भाटापारा, मुंगेली और सिमगा में 9-9 सेमी बारिश हुई. तखतपुर और बागबाहरा में 8-8 सेमी बारिश दर्ज की गई. वहीं डोंगरगढ़, उसूर, सुहेला, छुरिया, सकरी, लोहांडीगुड़ा सहित कई स्थानों पर 7 सेमी तक बारिश हुई. कुरूद, कप्पू, कसडोल, वाड्रफनगर, भिलाई, बेलतरा और घरघोड़ा में 6 सेमी बारिश दर्ज की गई.
राज्य के मध्य छत्तीसगढ़ और मैदानी इलाकों में मानसून जमकर बरसा है। वहीं सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ जिलों में बारिश का आंकड़ा अब भी औसत से पीछे बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में दर्ज की गई है, जहां अब तक सामान्य से रिकॉर्ड 193.9% अधिक (943.7 मि.मी.) जल बरस चुका है।
जानें इन जिलों में कैसी हुई बारिश?
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के मुबातिक, महासमुंद में औसत का 144.0%, नारायणपुर में 130.0%, राजधानी रायपुर में 129.7%, बलौदाबाजार में 128.5%, गरियाबंद में 122.8%, जांजगीर-चांपा में 123.8%, सक्ती में 121.4%, बालोद में 118.5%, मुंगेली में 118.2%, दुर्ग में 111.7%, बिलासपुर में 111.5% और धमतरी में 109.4% वर्षा दर्ज हो चुकी है। इन जिलों में औसत से अधिक वर्षा होने से जल निकायों और खेतों में पर्याप्त पानी उपलब्ध है।बलरामपुर में औसत का 126.7%, राजनांदगांव में 103.1%, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 100.9%, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 99.1%, कोरिया में 96.9%, कोरबा में 96.1%, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 96.0%, रायगढ़ में 95.9%,
दंतेवाड़ा में 93.2% और सूरजपुर में 91.7% बारिश दर्ज की गई है, जहाँ मानसून की स्थिति सामान्य और संतुलित बनी हुई है।
दूसरी ओर कबीरधाम में औसत का 86.1%, कोण्डागांव में 85.2%, बेमेतरा में 80.9%, जशपुर में 75.1%, बस्तर में 74.8%, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 72.5%, बीजापुर में 71.4%, सरगुजा में 69.5%, कांकेर में 69.4% और सुकमा जिले में सबसे कम 67.7% (602.3 मि.मी.) बारिश दर्ज हुई है। इन जिलों में बारिश का आंकड़ा 50% से 80% के बीच ही सिमटा हुआ है, जहाँ किसान अब भी मानसून की अगली जोरदार झड़ी का इंतजार कर रहे हैं। राज्य बाढ़ नियंत्रण कक्ष और मौसम विभाग की ओर से सभी संवेदनशील जिलों, जलाशयों और नदी तटों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रदेश के सभी जिला कार्यालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।