खबर शहर , Agra News: छह घंटे में मिला इलाज, लाइन में खड़े होने से हालत खराब – INA

एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए मरीजों को धक्का-मुक्की झेलनी पड़ रही है। घंटों इंतजार भी करना पड़ रहा है। पर्चा, डॉक्टर को दिखाने और फिर दवा लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने के लिए मजबूर हो रहे हैं। 5-6 घंटे लाइन में खड़े रहने से बुजुर्ग और महिला मरीजों की हालत खराब हो रही है।

सोमवार को ओपीडी में 3,543 मरीज इलाज कराने के लिए ओपीडी पहुंचे। सुबह 9 बजे से ही हॉल ठसाठस भर गया। दोपहर एक बजे तक यही स्थिति रही। मरीजों की भीड़ अधिक होने के कारण ओपीडी के गेट के बाहर तक लाइन लग गई। जल्दी पर्चा बनवाने के लिए कई मरीज महिला और वरिष्ठ नागरिक की लाइन में लग गए। इससे बुजुर्ग और महिलाओं को परेशानी हुई। मरीजों ने बताया कि 3 घंटे में पर्चा बन पाया। डॉक्टर को दिखाने और फिर दवा लेने के लिए लाइन में लगने में भी इतना ही समय लगा। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि सोमवार को अन्य दिनों के मुकाबले मरीजों की संख्या करीब डेढ़ गुना तक बढ़ जाती है। सुरक्षा गार्ड से वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की लाइन में अन्य मरीजों का न लगने देने के लिए निर्देशित कर दिया है।

वरिष्ठ नागरिकों को हो रही परेशानी

कमला नगर के गोपाल सिंह सिंघानिया (67) ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की लाइन में अन्य मरीज खड़े हो गए, जिससे धक्का-मुक्की होने लगी। इससे परेशानी हुई, चोटिल होने का भी खतरा रहता है।

5 घंटे लाइन में खड़ी होने पैरों में दर्द

हिंडौन की पुष्पा देवी ने बताया कि सुबह 11 बजे से पहले से लाइन में लगीं और करीब एक बजे पर्चा बना। डॉक्टर को दिखाया, फिर दवा के लिए लाइन में लगी। पांच-छह घंटे खड़े रहने से पैरों में दर्द उखड़ आया।


Credit By Amar Ujala

Back to top button