Technology, Tech Tips: 5G पर तेजी से खत्म हो रहा है डेटा और बैटरी? इन सेटिंग्स को बदलते ही काफी हद तक दूर होगी परेशानी — INA

5G आने के बाद स्मार्टफोन पर इंटरनेट इस्तेमाल करने का तरीका काफी बदल गया है। हाई-स्पीड नेटवर्क की वजह से वीडियो कुछ ही सेकेंड में लोड हो जाते हैं और बड़ी फाइल डाउनलोड करने में भी ज्यादा वक्त नहीं लगता। लेकिन इस तेज रफ्तार का एक दूसरा पहलू भी है। कई यूजर्स को शिकायत रहती है कि 5G पर उनका मोबाइल डेटा उम्मीद से कहीं जल्दी खत्म हो जाता है और बैटरी भी तेजी से गिरने लगती है।

इसके पीछे सिर्फ नेटवर्क की स्पीड जिम्मेदार नहीं है। फोन की कुछ सेटिंग्स और एप्स का बैकग्राउंड में काम करना भी डेटा और बैटरी की खपत बढ़ा सकता है। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान बदलावों से इस परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है। आइए जानते हैं…

5G पर ज्यादा डेटा क्यों खर्च होता है?


  • तेज नेटवर्क मिलने पर कई एप्स कंटेंट की क्वालिटी अपने आप बढ़ा देते हैं। उदाहरण के लिए, YouTube या दूसरे वीडियो प्लेटफॉर्म पर पहले जहां वीडियो कम रिजॉल्यूशन में चल रहा था, वहीं 5G की उपलब्धता पर वह ज्यादा हाई-क्वालिटी में स्ट्रीम हो सकता है। नतीजा यह होता है कि हर मिनट वीडियो देखने में ज्यादा डेटा खर्च होता है।

  • इसके अलावा एप्स बैकग्राउंड में फोटो, वीडियो, फीड और दूसरे डेटा को तेजी से डाउनलोड कर सकते हैं। यही वजह है कि कई बार यूजर को पता भी नहीं चलता और डेटा पैक तेजी से कम होने लगता है।

1. गैर-जरूरी एप्स का बैकग्राउंड डेटा करें बंद


  • सबसे पहले उन एप्स की पहचान करें जो बैकग्राउंड में सबसे ज्यादा डेटा इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके लिए Android फोन में Settings > Network & Internet/Connections > Data Usage जैसे विकल्प पर जाएं। फोन के ब्रांड के हिसाब से इनका नाम थोड़ा अलग हो सकता है।

  • यहां डेटा खपत करने वाले एप्स की सूची देखकर सोशल मीडिया, शॉपिंग या ऐसे दूसरे एप्स का Background Data Usage बंद किया जा सकता है, जिनकी लगातार इंटरनेट एक्सेस की जरूरत नहीं है। इसके बाद ये एप्स मुख्य रूप से तभी डेटा इस्तेमाल करेंगे, जब आप इन्हें खोलकर इस्तेमाल करेंगे।

2. बैटरी बचाने के लिए 5G को रखें Smart Mode पर


  • हर समय 5G नेटवर्क से जुड़े रहना भी बैटरी के लिए सही नहीं होता, खासकर उन जगहों पर जहां 5G सिग्नल कमजोर या अस्थिर है। ऐसी स्थिति में फोन बार-बार बेहतर नेटवर्क तलाश सकता है और 5G-4G के बीच स्विच कर सकता है।

  • अगर आपके फोन में Smart 5G, Auto 5G या इसी तरह का विकल्प मौजूद है, तो उसे इस्तेमाल करना बेहतर है। इससे जरूरत के अनुसार फोन नेटवर्क बदल सकता है और लगातार कमजोर 5G सिग्नल खोजने में बैटरी खर्च होने से बच सकती है।

3. Wi-Fi और Bluetooth स्कैनिंग पर भी दें ध्यान

फोन का Wi-Fi और ब्लूटूथ स्कैनिंग भी बैटरी को लगातार ड्रेन करते रहते हैं। इन्हें बंद करने के लिए आपको लोकेशन सेटिंग में जाकर Wi-Fi और Bluetooth Scanning को बंद करना होगा। हालांकि, अगर आप इन फीचर्स पर निर्भर रहने वाली किसी सुविधा का इस्तेमाल करते हैं, तो इन्हें बंद करने से पहले दोबारा सोच लें।

4. गैर-जरूरी एप्स को हटाकर बैटरी खपत रोकें

आप Settings के अंदर Battery ऑप्शन में जाकर देखें कि कौन-से एप्स सबसे ज्यादा पावर इस्तेमाल कर रहे हैं। जिन एप्स की बैकग्राउंड एक्टिविटी जरूरी नहीं है, उनके लिए Restricted Battery Usage या Battery Optimization जैसे विकल्प इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इससे स्क्रीन बंद होने के बाद गैरजरूरी एक्टिविटीज सीमित करने में मदद मिलती है।

5. Auto-Update को भी रखें कंट्रोल में

5G की तेज स्पीड का फायदा सिर्फ आप ही नहीं, आपके फोन के एप्स भी उठाते हैं। गूगल प्ले स्टोर में यदि एप्स के मोबाइल डेटा पर ऑटोमैटिक अपडेट होने की परमिशन ऑन है, तो अपडेट होने वाले एप्स लगातार डेटा खाते रहेंगे। इससे बचने के लिए आप एप्स के केवल Wi-Fi पर अपडेट होने का विकल्प चुन सकते हैं। इन छोटे बदलावों के बाद आपको बार-बार डेटा पैक खत्म होने या दिन के बीच में बैटरी कम पड़ने जैसी परेशानी का सामना कम करना पड़ सकता है।

Source link

Back to top button