खबर शहर , साइबर ठगी का नया तरीका: ओटीपी नहीं आया, फिर भी खाते से उड़ गए पांच लाख रुपये; नेट बैंकिंग भी करा दी थी बंद – INA

नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग बंद कराने के बावजूद बैंक खाते से पांच लाख रुपये निकल गए। पीड़ित नवीन कुमार शर्मा ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अंसल टाउन, शमसाबाद रोड निवासी नवीन ने पुलिस को बताया कि उसका इंडसइंड बैंक में खाता है। 12 अगस्त की रात करीब 9:35 बजे खाते से कई बार में पांच लाख रुपये निकल गए। मोबाइल पर नोटिफिकेशन आने के बाद उसे रकम निकाले जाने की जानकारी हुई।
इसके बाद उसने तत्काल बैंक से संपर्क कर नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग बंद करा दी। आरोप है कि सेवाएं बंद कराने के बावजूद रकम निकलती गई। उसने ऑनलाइन भी शिकायत दर्ज कराई है। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।