खबर शहर , Agra News: सीवर-गंदगी के खिलाफ जेन-जी ने उठाई आवाज – INA

आगरा। सीवर, गंदगी, अवैध डेयरी से परेशान आवास विकास सेक्टर-6डी के लोग नगर निगम के चक्कर काटते रहे लेकिन समाधान नहीं मिला। शनिवार को नई पीढ़ी यानी जेन-जी ने समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। तीन बेटियां अपर नगर आयुक्त से मिलीं और दो टूक बात की। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने तत्काल सेनेटरी इंस्पेक्टर को समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
अपर नगर आयुक्त को दिए गए शिकायती पत्र में सेक्टर-6डी मकान नंबर 804 से 824 के निवासियों की पीड़ा को मजबूती से उठाया। बेटियों ने कहा कि रिहायशी इलाके में छोटी सी जगह, पार्कों, सरकारी प्लॉटों और मुख्य सड़कों पर अवैध रूप से 10 से 12 गाय-भैंसों को बांधकर डेयरी चलाई जा रही है।
गोबर को सड़कों पर फेंकने के साथ सीवर लाइन में बहाया जा रहा है। सीवर लाइन चोक हो गई है और गंदा पानी व गोबर लोगों के घरों में भर रहा है। इससे बीमारियां फैल रही हैं। गाय और सांड़ गलियों में घूमने से हादसे का खतरा रहता है।
अभियान चलाकर अवैध पशुपालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीवर व सफाई व्यवस्था के लिए सेनेटरी इंस्पेक्टर को निर्देश दिए हैं। – शिशिर कुमार, अपर नगर आयुक्त
शाम को ही पहुंच गई टीम
पार्षद सुषमा जैन ने बताया कि अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर शाम को कॉलोनी में नगर निगम की टीम पहुंची। अवैध तबेले से गाय और बछड़े को साथ ले गई। सार्वजनिक स्थानों पर पशु बाड़े संचालित करने वालों को नोटिस दिया जा रहा है।