खबर शहर , सड़क बनी दी वॉशिंग सेंटर: कार धुलाई का पानी बहाना डीलर को पड़ा भारी, नगर निगम ने लगाया 30 हजार जुर्माना – INA

आगरा के मुगल रोड स्थित कार डीलर केटीएल पर नगर निगम ने 30 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। डीलर की ओर से सड़क पर गंदगी और धुलाई का पानी फैलाया जा रहा था।
एसएफआई रोहित वर्मा के अनुसार कंपनी द्वारा धुलाई से निकलने वाले पानी को किसी चेंबर अथवा निर्धारित निकासी व्यवस्था में डालने के बजाय सीधे सड़क पर बहाया जा रहा था। इससे सड़क पर गंदगी और फिसलन की स्थिति पैदा होने के साथ ही आसपास के लोगों को भी परेशानी हो रही थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कारों की धुलाई के बाद उन्हें सड़क की पटरी और सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता था। बड़ी संख्या में वाहनों के सड़क पर खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निगम प्रशासन ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।
घरों से कूड़ा उठाने, नालों की सफाई की औचक जांच करेंगे निगम अधिकारी
घरों से कूड़ा उठाने में लापरवाही मिलने पर शासन से फीडबैक मिलने के बाद नगर निगम अधिकारी अब औचक जांच करेंगे। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बृहस्पतिवार को कार्यकारिणी कक्ष में हुई बैठक में नोडल अधिकारियों, जोनल सेनेटरी ऑफिसर (जेडएसओ), जेई और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि घरों से कूड़ा उठाने के साथ जलनिकासी और नालों की सफाई का मौके पर जाकर मुआयना करें।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निदेशालय ने इन शिकायतों पर नाराजगी जताई थी। नगर आयुक्त ने बताया कि जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर समाधान कराएं। बारिश का पानी सहेजने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग पॉइंट बनाएं। जलभराव वाली जगहों की सूची बनाकर तैयार रखें।