सीजी- छत्तीसगढ़: हाई कोर्ट को मिलेगा नया चीफ जस्टिस; सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने केआर मोहपात्रा के नाम की सिफारिश की – INA

4 सितंबर के बाद संभाल सकते हैं जिम्मेदारी

वर्तमान मुख्य न्यायाधीश आगामी 4 सितंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इसके बाद जस्टिस केआर मोहपात्रा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। हालांकि, नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उनकी औपचारिक नियुक्ति होगी।

कौन हैं जस्टिस केआर मोहपात्रा?

जस्टिस मोहपात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था। उन्होंने बीए और एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। वे दिवंगत न्यायमूर्ति शरत चंद्र मोहपात्रा के पुत्र हैं। उन्होंने 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया था। उन्होंने सिविल, सर्विस, क्रिमिनल और संवैधानिक कानून समेत कानून की विभिन्न शाखाओं में करीब 26 वर्षों तक वकालत की।

सरकार से लेकर बैंकों तक किया प्रतिनिधित्व

वकालत के दौरान उन्होंने ओडिशा सरकार और ओडिशा लोक सेवा आयोग के अतिरिक्त स्थायी अधिवक्ता के रूप में भी कार्य किया। इसके अलावा वे केंद्रीय सहकारी बैंकों, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग, नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत विभिन्न संस्थाओं के अधिवक्ता भी रहे।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ बीजेपी का नया समीकरण! तोखन साहू बन सकते हैं बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष; जानें इसके सियासी मायने

2015 में बने थे हाईकोर्ट के जज

न्यायमूर्ति मोहपात्रा को 17 अप्रैल 2015 को ओडिशा हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। तब से वे ओडिशा हाईकोर्ट में न्यायिक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। अब सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button