दक्षिणी दिल्ली में सफाई व्यवस्था का आयुक्त ने लिया जायजा:अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश, एफसीटीएस में पुराने कचरे की सफाई के आदेश- INA NEWS

दिल्ली नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने शुक्रवार को दक्षिण क्षेत्र का दौरा कर सफाई और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। पुष्पा विहार से शुरू हुआ निरीक्षण खानपुर, संगम विहार और देवली तक चला। इस दौरान उन्होंने कचरा संग्रह केंद्रों, स्वच्छता वाहनों, फिक्स्ड काम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (एफसीटीएस) और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान विधायक चंदन कुमार चौधरी, पार्षद ममता यादव, दक्षिण क्षेत्र के उपायुक्त राकेश कुमार समेत निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुष्पा विहार स्थित स्वच्छता वाहन स्थल पर आयुक्त ने टिपरों और अन्य वाहनों की निगरानी व्यवस्था देखी। उन्होंने कन्सेशनर को वाहनों के उचित रखरखाव और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए नियमित धूल नियंत्रण और कचरा संग्रह केंद्रों से समय पर कचरा उठाने पर विशेष जोर दिया। खानपुर में पीपल चौक, एमबी रोड और आसपास के कचरा स्थलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। मेट्रो और एमबी रोड के आसपास अवैध अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा।
संगम विहार में नए एफसीटीएस का निरीक्षण
आयुक्त ने संगम विहार में नवनिर्मित फिक्स्ड काम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (एफसीटीएस) का निरीक्षण किया। उन्होंने कचरा फेंकने और निर्माण व तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे की निगरानी बढ़ाने के साथ स्थानीय लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। स्टेशन के पीछे जमा पुराने कचरे को तत्काल हटाने को कहा। देवली में कचरा संग्रह केंद्रों का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने मानसून में जलभराव रोकने के लिए जरूरी कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रस्तावित निगरानी केंद्र का भी दौरा किया और सफाई व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। आयुक्त संजीव खिरवार ने कहा कि एमसीडी विकास परियोजनाओं और स्वच्छता पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए बेहतर नागरिक सुविधाएं देने, स्वच्छता बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और शहरी वातावरण को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button