यूपी – शाहजहांपुर: गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा, शमसाबाद-ढाई घाट मार्ग पर दो फीट पानी भरा; रामगंगा कर रही कटान – INA

शाहजहांपुर जिले के कलान तहसील क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश व बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण शमसाबाद-ढाई घाट मुख्य मार्ग पर करीब दो फीट तक पानी भर गया है। रविवार को सड़क पर तेज बहाव होने के कारण मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। पानी भरने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही रुक गई है। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से रास्ता पार करने को मजबूर हैं। 

मार्ग बाधित होने से आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित होने की आशंका है। पानी अब निचले इलाकों और कृषि क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों और बाढ़ चौकियों पर निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों को जलभराव वाले रास्तों से न गुजरने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है।

मिर्जापुर में गंगा में उफान से स्टेट हाईवे फिर जलमग्न

गंगा का जलस्तर बढ़ने से जलालाबाद-शमसाबाद स्टेट हाईवे शनिवार को चौरा गांव के पास फिर डूब गया। करीब 100 मीटर हिस्से में एक फुट से अधिक पानी बह रहा था। चौरा-बसोला नगला संपर्क मार्ग और पैलानी उत्तरी को इस्लामनगर, आजादनगर व मस्जिदनगला से जोड़ने वाले रास्ते कई जगह जलमग्न हैं। फसलें डूबने और चारे की कमी से किसान व पशुपालक परेशान हैं। एसडीएम कलान आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि अत्यधिक बारिश से जलस्तर बढ़ा है और एक-दो दिन में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। 


Credit By Amar Ujala

Back to top button