यूपी – हाथरस: परिवार में दूसरा दुखद हादसा, युवक ने गले में बेल्ट का फंदा लगाकर दी जान, बड़े भाई ने भी की थी आत्महत्या – INA

सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव जिरोली खुर्द में सोमवार शाम एक युवक ने पट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव बेर के पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पत्नी ने कोतवाली में आत्महत्या का मामला दर्ज कराया है।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय शिशुपाल अहेरिया पुत्र राजपाल सिंह के रूप में हुई है। वह रविवार को फरीदाबाद, हरियाणा से अपने गांव लौटा था। शिशुपाल फरीदाबाद में नौकरी करता था। गांव आने पर उसका 80 वर्षीय पिता से जमीन को लेकर वाद-विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से चला गया था। शाम लगभग 7:00 बजे गांव के लोगों ने शिशुपाल को बेर के पेड़ पर पट्टे के फंदे से लटका हुआ देखा। ग्रामीणों ने उसे तत्काल नीचे उतारा, परंतु तब तक उसकी जान जा चुकी थी। शिशुपाल के कुल पांच भाई थे और वह घर में सबसे छोटा था।
10 साल पहले बड़े भाई ने भी की थी आत्महत्या
मृतक शिशुपाल का बड़ा भाई शंकर लाल भी लगभग 10 वर्ष पूर्व फांसी लगाकर जान दे चुका था। परिवार में यह दूसरा ऐसा दुखद हादसा है, जिसने सभी को झकझोर दिया है। शिशुपाल के घर वालों ने पुलिस को बताया कि उसने फरीदाबाद में भी आत्महत्या की कोशिश की थी। इस कारण उसके मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया था।
पोस्टमार्टम् को भेजा शव
शिशुपाल रविवार को ही गांव वापस आया था। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। मृतक की पत्नी पूनम की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने पुष्टि की कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।