खबर शहर , Agra News: पशुपतिनाथ के दर्शन को साइकिल से निकला राजस्थान का जत्था – INA

फतेहाबाद। राजस्थान के पाली जिले की रोहट तहसील के गांव चेंडा से नेपाल के काठमांडू स्थित श्री पशुपतिनाथ महाराज के दर्शन के लिए साइकिल यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं का फतेहाबाद क्षेत्र में स्वागत किया गया। राजस्थान से शुरू हुई यह यात्रा उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए नेपाल तक जाएगी।
यात्रा के 12वें दिन साइकिल यात्रियों का दल आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के निकट स्थित गांव अई निवासी कैप्टन राजेश्वर सिंह गुर्जर के निवास पर पहुंचा। वहां जत्थे के सदस्यों ने भोजन कर रात्रि विश्राम किया। साइकिल दल में कैप्टन शैतान देवासी, करण देवासी, सुरेश देवासी एवं ओम देवासी शामिल हैं। मुख्य व्यवस्थापक सुखराम वाहन से दल के साथ चल रहे हैं और यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दल के सदस्य नेपाल के लिए रवाना हो गए।