खबर शहर , Agra News: प्रतिभा आपको टीम तक पहुंचाएगी, सही रिकॉर्ड ही बचाएगा कॅरिअर – INA

आगरा। क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ी मैदान पर वर्षों मेहनत करते हैं लेकिन दस्तावेज में एक छोटी-सी गड़बड़ी उनकी मेहनत पर पानी फेर सकती है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से रोहित यादव पर उम्र संबंधी दस्तावेजों में विसंगति के मामले में दो साल का प्रतिबंध लगाए जाने का मामला आगरा के युवा क्रिकेटरों के लिए भी बड़ा सबक है।

आगरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने शहर के युवा क्रिकेटरों और उनके अभिभावकों को उम्र व पहचान से जुड़े दस्तावेज को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। कहा कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन पर जितना ध्यान देते हैं, उतना ही ध्यान अपने दस्तावेजों की शुद्धता पर भी दें।

खासकर आयु वर्ग की क्रिकेट में जन्मतिथि सबसे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड में शामिल होती है। खिलाड़ी पंजीकरण, ट्रायल या चयन प्रक्रिया से पहले अपने सभी दस्तावेज की अच्छी तरह जांच कर लें।

यदि कहीं कोई अंतर है तो उसे संबंधित विभाग की निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से समय रहते ठीक कराया जाए। खासकर अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए यह सावधानी और भी जरूरी है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button