खबर शहर , Agra News: कर्ज से परेशान किसान ने पेड़ से लटककर दी जान – INA

फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के हरसुखपुरा गांव के किसान का शव सोमवार को पेड़ पर फंदे से लटका मिला है। परिवार के लोग कर्ज से परेशान होकर खुदकुशी करना बता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

गांव हरसुखपुरा निवासी प्रेम सिंह (40) रविवार को घर से कहीं चले गए थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। सोमवार सुबह ग्रामीण खेत की ओर गए तो पेड़ पर प्रेम सिंह गमछे के फंदे से लटके मिले। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा। घरवालों ने बताया कि प्रेम सिंह ने करीब 10 बीघा खेत पैसों पर लेकर उसमें आलू की फसल की थी। आलू की फसल में घाटा होने के साथ ही बाजरे की फसल में भी नुकसान हो गया। फसलों में लगातार नुकसान होने और कर्ज बढ़ने से वह परेशान थे। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा पांच बेटियां और एक बेटा है।

प्रथम दृष्टया युवक पर खेती में नुकसान होने के कारण कर्ज हो गया था। इसी कारण आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। – राजीव रंजन, एसीपी शमसाबाद


Credit By Amar Ujala

Back to top button