यूपी – यूपी: आजम खां की अभी और बढ़ने वाली है मुश्किल! जौहर ट्रस्ट से 500 करोड़ से अधिक की वसूली की तैयारी – INA

पूर्व मंत्री आजम खां और उनके परिजनों की जौहर ट्रस्ट पर आयकर विभाग का शिकंजा कसने जा रहा है। ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन रद करने के बाद आयकर विभाग ने जुर्माने के साथ आयकर वसूलने की कार्रवाई के लिए प्रकरण नई दिल्ली स्थित मुख्यालय भेज दिया है। सूत्रों के मुताबिक, जल्द इसका निस्तारण करते हुए ट्रस्ट से 500 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि वसूली जाएगी। इसकी वजह ट्रस्ट के पास मिली करीब 450 करोड़ रुपये की अघोषित आय बताई जा रही है।

बता दें कि राजधानी लखनऊ स्थित आयकर विभाग ने बीते दिनों जौहर ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन रद कर दिया था। यह कार्रवाई तमाम वित्तीय अनियमतिताओं, फर्जी ट्रस्टी बनाने, संदिग्ध लोगों से चंदा लेने और सरकारी धन का इस्तेमाल जौहर यूनिवर्सिटी के भवन बनाने की वजह से हुई थी। आयकर विभाग ने ट्रस्ट को कई बार दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने का मौका दिया, लेकिन वह अपने बचाव में कोई पुख्ता प्रमाण नहीं दे सके।

ब्याज के साथ जुर्माना वसूली करने की तैयारी

अब विभाग इस अघोषित आय पर 30 फीसदी जुर्माना और ब्याज के साथ वसूली करने की तैयारी में है। वहीं दूसरी ओर जिन सरकारी विभागों का धन जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों को बनाने में खर्च किया, उसकी वसूली भी राज्य सरकार द्वारा की जा सकती है।

ईडी करेगा भवनों को जब्त

वहीं दूसरी ओर ईडी भी जौहर ट्रस्ट से जुड़े लोगों से लगातार पूछताछ कर रहा है। बीते दिनों ईडी ने जिन लोगों के ठिकानों पर छापे मारे थे, उन्हें बारी-बारी से राजधानी स्थित जोनल कार्यालय बुलाकर पूछताछ हो रही है। जल्द ईडी जौहर ट्रस्ट की उन इमारतों को जब्त करेगा, जिसमें सरकारी विभागों का धन इस्तेमाल हुआ था। इसके अलावा आजम खां और उनके परिजनों की चल-अचल संपत्तियों को भी खंगाला जा रहा है ताकि उन्हें जब्त किया जा सके।


Credit By Amar Ujala

Back to top button