यूपी – यूपी: लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी करेंगे बरेली का दौरा, आपदा प्रबंधन की परखेंगे तैयारियां – INA

उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूपीएसडीएमए) के उपाध्यक्ष (मुख्य सचिव स्तर) लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी 17 से 19 सितंबर तक बरेली के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे का मुख्य फोकस जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और आपात स्थिति में विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया को परखना रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लेफ्टिनेंट जनरल डिमरी 17 सितंबर को लखनऊ से सड़क मार्ग से बरेली पहुंचेंगे और ऑफिसर्स मेस, यूपी एरिया बरेली कैंट में रात्रि विश्राम करेंगे। 18 सितंबर को सुबह 9:30 बजे वह जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) पहुंचेंगे। यहां आपदा प्रबंधन की तैयारियों और डिजास्टर प्लानिंग स्टाफ के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद सुबह 10 से 10:45 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) एवं अग्निसुरक्षा विषय पर आयोजित मॉक एक्सरसाइज में प्रारंभिक संबोधन और गतिविधियों का अवलोकन करेंगे।
मॉक एक्सरसाइज स्थल का करेंगे निरीक्षण
इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मॉक एक्सरसाइज स्थल पर आपदा प्रबंधन संबंधी गतिविधियों का भौतिक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। दोपहर में डीईओसी लौटकर मॉक एक्सरसाइज के बाद समीक्षा और समापन वक्तव्य का कार्यक्रम निर्धारित है। 19 सितंबर को वह दोपहर एक बजे वाहन से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने आपदा प्रबंधन अभ्यास की तैयारियां तेज कर दी हैं।