यूपी – यूपी चुनाव 2027: भाजपा के पूर्व मंत्री दलवीर सिंह का पौत्र विजय सपा में शामिल, टिकट मिलने की चर्चाएं तेज – INA

अलीगढ़ में बरौली के पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री दलवीर सिंह के छोटे पौत्र विजय सिंह (पप्पू) ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में सपा की सदस्यता ले ली। वह पिछले कई महीनों से सपा के स्थानीय और प्रदेश के नेताओं के संपर्क में थे।
विजय सिंह के सपा में जाने के बाद बरौली में उनके परिवार की राजनीतिक सक्रियता फिर सुर्खियों में आ गई है। विजय सिंह और उनके बड़े भाई अजय सिंह, जो एएमयू छात्रसंघ के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव भी लड़ चुके हैं। दोनों भाई बरौली क्षेत्र में सक्रिय हैं। विजय सिंह के सदस्यता लेने पर सपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर बताया कि विजय सिंह दो दिन पहले उनके आवास पर आए थे। वहां पार्टी में शामिल होने को लेकर बातचीत हुई थी। इसके बाद लखनऊ में सदस्यता ग्रहण की गई।
दलवीर सिंह के अस्वस्थ होने के बाद पौत्र अजय सिंह ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बरौली सीट के लिए भाजपा से टिकट मांगा था। मगर भाजपा नेतृत्व ने उन्हें टिकट न देकर पूर्व मंत्री जयवीर सिंह को टिकट दे दिया। विजय सिंह के सपा में आने से उन्हें बरौली विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिलने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। विधानसभा चुनाव-2022 में बरौली सीट समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के गठबंधन के तहत रालोद के कोटे में थी, जिससे प्रमोद गौड़ ने संयुक्त गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार मिली थी।