सीजी- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: साइलेंसर की आवाज को लेकर विवाद, कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारी से बेल्ट से मारपीट – INA

कलेक्टर कार्यालय की जनसंपर्क शाखा में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत कर्मचारी मोहम्मद इशराक जहांगीरी के साथ ज्योतिपुर तिराहे के पास मारपीट का मामला सामने आया है। मोटरसाइकिल के साइलेंसर की तेज आवाज को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने कर्मचारी से बेल्ट और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने उसे जान से खत्म करने की धमकी भी दी।

पीड़ित के अनुसार, वह रात करीब 9:30 बजे कलेक्टर कार्यालय की जनसंपर्क शाखा में काम खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से ग्राम टीकरकला स्थित अपने घर लौट रहा था। ज्योतिपुर तिराहे के पास निहाल भरिया और उसका एक साथी मिला। साइलेंसर की तेज आवाज को लेकर दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

पढे़ं: मुख्यमंत्री साय ने चौथे छत्तीसगढ़ कैंसर सम्मेलन का किया शुभारंभ, उपचार में समग्र दृष्टिकोण पर जोर 

इसके बाद निहाल भरिया ने बेल्ट से उसकी पीठ और चेहरे पर हमला किया, जबकि उसके साथी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट में पीड़ित की पीठ और बाएं गाल में चोट आई। मौके पर मौजूद आकाश तिवारी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 0413/26 दर्ज करते हुए निहाल भरिया और उसके एक साथी के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।

गौरतलब है कि ज्योतिपुर तिराहे के आसपास लगातार घटनाएं सामने आने से स्थानीय लोगों में चिंता है। करीब चार दिन पहले इसी क्षेत्र में एक छात्रा को चलती बाइक से युवकों द्वारा डंडे से मारने की घटना भी सामने आई थी। लगातार घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button