सीजी- करमा पूजा के बाद विवाद ने लिया खूनी रूप: युवक पर टांगी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार – INA

बलरामपुर जिले के थाना सामरीपाठ क्षेत्र के ग्राम सेरंगदाग में करमा पूजा के दौरान शुरू हुआ विवाद कुछ देर बाद हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद एक युवक पर टांगी से जानलेवा हमला किया गया। हमले में युवक की गर्दन के नीचे और पीठ पर गहरे घाव आए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को प्रार्थी सुनील कुमार ने थाना सामरीपाठ में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि गांव के अखरा में करमा पूजा का आयोजन हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

पहले हुआ विवाद, ग्रामीणों ने कराया शांत

शिकायत के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे प्रार्थी के बड़े पिता शीतल नगेसिया का गांव के ही उदय नगेसिया से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर शीतल नगेसिया को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया। इसके बाद उदय नगेसिया भी अपने घर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद उदय नगेसिया अपने घर से टांगी लेकर वापस आया और शीतल नगेसिया के पुत्र गेड़वा उर्फ भोटना नगेसिया पर हमला कर दिया।

दोबारा वार करने से पहले ग्रामीणों ने पकड़ा

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, टांगी के वार से भोटना नगेसिया की गर्दन के नीचे और पीठ पर गंभीर चोट आई। आरोपी ने दोबारा हमला करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे पकड़ लिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

बीएनएस की धारा 109 में मामला, आरोपी जेल भेजा

प्रार्थी की शिकायत के आधार पर थाना सामरीपाठ में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया गया। इस धारा में हत्या के प्रयास से संबंधित अपराध का प्रावधान है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उदय नगेसिया निवासी सेरंगदाग को गिरफ्तार किया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की . की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button