UP News: ‘नए लखनऊ’ की नींव पड़ी, 12000 करोड़ से बनेंगी 2 बड़ी टाउनशिप; 10 लाख लोगों को मिलेगा घर – INA

Lucknow News: लखनऊ में घर और प्लॉट खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राजधानी में दो बड़ी आवासीय योजनाओं ‘वरुण विहार’ और ‘नैमिष नगर’ का भूमिपूजन किया. करीब 12 हजार करोड़ रुपए की लागत से विकसित होने वाली इन योजनाओं में 10,680 एकड़ जमीन शामिल है. दोनों योजनाओं में कुल 4520 भूखंडों के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो गया है. इसके साथ ही 2166 करोड़ रुपए की लागत से पांच बहुमंजिला अपार्टमेंट प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास किया गया.
वरुण विहार और नैमिष नगर में मिलेंगे हजारों प्लॉट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के पास ग्राम दोना में आयोजित कार्यक्रम में वरुण विहार और नैमिष नगर योजनाओं की शुरुआत की. एलडीए के मुताबिक, वरुण विहार योजना काकोरी में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के पास विकसित की जा रही है. वहीं नैमिष नगर योजना सीतापुर रोड और आईआईएम रोड के आसपास के क्षेत्र में विकसित होगी.
वरुण विहार योजना करीब 6500 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में विकसित होगी. इसमें लगभग 6 लाख लोगों के लिए आवासीय सुविधा विकसित करने का लक्ष्य है. वहीं करीब 4100 एकड़ में विकसित होने वाली नैमिष नगर योजना में करीब 4 लाख लोगों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है.
ये भी पढ़ें- पापा को मार दो, शालू का नाम ले लेना कानपुर दवा कारोबारी हत्याकांड में बेटे सुब्रत का कबूलनामा, बहू को क्लीन चिट!
4520 भूखंडों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू
दोनों योजनाओं के तहत 4520 भूखंडों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है. इन योजनाओं में प्लॉट की कीमत 2800 रुपए से 3800 रुपए प्रति वर्गफुट तक निर्धारित की गई है. नैमिष नगर योजना के लिए बीकेटी तहसील के 18 गांवों में जमीन का अधिग्रहण किया गया है. सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के जरिए लखनऊ के बढ़ते विस्तार को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा.
5 नए अपार्टमेंट प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास
नई आवासीय योजनाओं के साथ ही एलडीए की ओर से पांच बहुमंजिला अपार्टमेंट प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास किया गया. इन पांच परियोजनाओं पर करीब 2166 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. इनमें बसंतकुंज में पार्क व्यू, गोमतीनगर में लेक व्यू, शारदानगर विस्तार में वागेश्वरी, अनंतनगर में अदिति और ऐशबाग में ऐशबाग स्क्वॉयर अपार्टमेंट शामिल हैं.
ऐशबाग स्क्वॉयर होगी 27 मंजिला
इनमें ऐशबाग स्क्वॉयर खास है. यह 27 मंजिल की इमारत होगी. इसे लखनऊ की सबसे ऊंची इमारत के तौर पर विकसित किया जाएगा. परियोजना में चार टावर होंगे और इनमें कुल 384 फ्लैट बनाए जाएंगे.
वरुण विहार से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वरुण विहार योजना को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी दी जाएगी. इसके अलावा लखनऊ से सीतापुर के बीच फोरलेन कनेक्टिविटी को भी बेहतर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि दोनों योजनाएं आने वाले समय में लखनऊ के विस्तार और सुरक्षित आवास की जरूरत को पूरा करने में मदद करेंगी. छात्रों, युवाओं, नौकरी और रोजगार के लिए राजधानी आने वाले लोगों के लिए भी यहां आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
किसानों को सीधे मिलेगा मुआवजा
सीएम योगी ने कहा कि एलडीए और किसानों के बीच किसी मध्यस्थ की भूमिका नहीं होगी. जिन किसानों की जमीन इन योजनाओं में ली जाएगी, उन्हें सीधे उनके खाते में मुआवजा दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कुछ किसानों को मिले मुआवजे का उदाहरण भी दिया. उन्होंने बताया कि मुनिश्वर सिंह को 3.13 करोड़, रमदेई को 2.05 करोड़, कमलेश कुमार को 2.80 करोड़, सुषमा सिंह को 2.90 करोड़ और ओमप्रकाश अवस्थी को 1.96 करोड़ रुपए मुआवजा मिला है. सीएम ने किसानों से कहा कि मुआवजे की रकम का इस्तेमाल सोच-समझकर करें. उन्होंने कहा कि इस पैसे से जमीन या उद्योग में निवेश किया जा सकता है, जिससे भविष्य में आमदनी बढ़ाई जा सके.
10 लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगी आवासीय सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरुण विहार और नैमिष नगर योजनाओं से 10 लाख से ज्यादा लोगों को आवासीय सुविधा मिलेगी. नैमिष नगर योजना का नाम नैमिषारण्य की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा है. उन्होंने कहा कि लखनऊ और सीतापुर के सीमावर्ती क्षेत्र में विकसित होने वाली यह योजना इलाके के विकास को भी गति देगी.
अनियोजित विकास से बचने पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि पहले लोग अलग-अलग जगहों पर जमीन खरीद लेते थे, लेकिन वहां सड़क, बिजली, पानी और दूसरी सुविधाएं नहीं होती थीं. जलभराव जैसी समस्याओं के कारण लोगों को परेशानी होती थी. उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के लिए नियोजित शहरी विकास जरूरी है. इसी उद्देश्य से एलडीए की ओर से बड़े स्तर पर नई आवासीय योजनाएं विकसित की जा रही हैं.
लखनऊ में अब कट्टा-बम नहीं, ब्रह्मोस मिसाइल बन रही: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ तेजी से आधुनिक शहर के रूप में विकसित हो रहा है. उन्होंने कहा कि राजधानी में एयरपोर्ट, मेट्रो, सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है. उन्होंने कहा, “लखनऊ में अब कट्टा-बम नहीं, बल्कि ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है.” मुख्यमंत्री ने लखनऊ में रक्षा क्षेत्र से जुड़े निर्माण और औद्योगिक गतिविधियों का भी जिक्र किया.
लखनऊ के साथ आसपास के जिलों का भी विकास
मुख्यमंत्री ने स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ के साथ उन्नाव, हरदोई, बाराबंकी, सीतापुर और रायबरेली के विकास की भी योजना बनाई जा रही है. इन क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी, पब्लिक मोबिलिटी, शिक्षा, पर्यटन और आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काम किया जा रहा है. सीएम ने कहा कि लखनऊ एजुकेशन, हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है.
‘नए लखनऊ’ की नींव पड़ी, 12000 करोड़ से बनेंगी 2 बड़ी टाउनशिप; 10 लाख लोगों को मिलेगा घर
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,